टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण के लिए टीमों का चयन पूरा होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने 2028 में होने वाले अगले टी20 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों की सूची भी स्पष्ट कर दी है. टूर्नामेंट के सह-मेजबान होने के कारण ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमों का स्थान पहले से ही सुनिश्चित था.
अब 2026 संस्करण में सुपर-8 में पहुंचने वाली अन्य मजबूत टीमों भारत, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्ट इंडीज, इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका ने भी अपने प्रदर्शन के दम पर 2028 विश्व कप में सीधे प्रवेश हासिल कर लिया है.
इसके अलावा, आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर तीन और टीमों बांग्लादेश, अफगानिस्तान और आयरलैंड का भी अगले संस्करण के लिए क्वालीफिकेशन लगभग तय माना जा रहा है. आईसीसी के अनुसार, इन टीमों की मौजूदा रैंकिंग में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है क्योंकि 9 मार्च, 2026 तक इनके कोई अंतरराष्ट्रीय मैच निर्धारित नहीं हैं. आधिकारिक घोषणा फाइनल के बाद की जाएगी. इस तरह कुल 12 टीमें सीधे 2028 विश्व कप में खेलने की पात्र बन चुकी हैं, जबकि बाकी आठ टीमों का चयन आने वाले दो वर्षों में आयोजित क्वालीफायर मुकाबलों के जरिए होगा.
वर्तमान टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत 21 फरवरी से होगी. सुपर-8 में जगह बनाने वाली टीमों की तस्वीर तब पूरी तरह साफ हुई जब पाकिस्तान ने नामीबिया को बड़े अंतर से हराया. इस चरण में टीमों को दो समूहों में बांटा गया है. ग्रुप-ए में भारत, वेस्ट इंडीज, जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं, जबकि ग्रुप-बी में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका को रखा गया है.
सुपर-8 का पहला मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. वहीं भारत अपना पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा.
इस चरण में प्रत्येक समूह से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे. एक सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल का स्थान पाकिस्तान के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा. यदि पाकिस्तान अगले दौर में पहुंचता है तो मैच कोलंबो या कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आयोजित किया जा सकता है. यह टूर्नामेंट आगे के टी20 विश्व कप की तैयारियों और वैश्विक क्रिकेट संतुलन को भी प्रभावित करेगा. First Updated : Thursday, 19 February 2026