अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 33 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG ने 2 विकेट पर 235 रन बनाए. जवाब में गुजरात की टीम 202 रन ही बना सकी और मैच हार गई.
लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 64 गेंदों पर 117 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए. उनके साथ निकोलस पूरन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 56 रन जोड़े. एडम मार्कराम ने 24 गेंद में 36 रन और ऋषभ पंत ने 6 गेंदों पर 16 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया.
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को पहला झटका साई सुदर्शन के रूप में लगा, जो 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद शुभमन गिल ने 20 गेंदों में 35 रन बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी खेलने में असफल रहे. जोश बटलर ने 18 गेंदों पर तेज़ 33 रन बनाए, पर वह भी पारी को लंबा नहीं खींच सके.
शेरफेन रदरफोर्ड और शाहरुख खान ने पारी को संभालने की कोशिश की. रदरफोर्ड ने 22 गेंदों पर 38 रन बनाए जबकि शाहरुख ने सबसे ज्यादा 57 रन की पारी खेली. लेकिन लगातार विकेट गिरते रहे और कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया. राहुल तेवतिया सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए.
LSG की गेंदबाजी भी शानदार रही. विलियम ओ'रूर्के ने 3 विकेट लिए, जबकि आवेश खान को 2 सफलता मिली. आकाश सिंह को एक विकेट मिला. First Updated : Thursday, 22 May 2025