MS Dhoni: माही के फैन ने की दीवानगी की सारी हदें पार, शादी के कार्ड पर छपवाई माही की तस्वीर

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर फैंस की दीवानगी किसी से भी छुपी हुई नहीं है। हाल ही में एक फैन ने तो दीवानगी की सारी हदें पार कर दी। दरअसल फैन ने अपनी शादी के कार्ड पर अपनी तस्वीर की जगह महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर छपवाई है

calender

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर फैंस की दीवानगी किसी से भी छुपी हुई नहीं है। हाल ही में एक फैन ने तो दीवानगी की सारी हदें पार कर दी। दरअसल फैन ने अपनी शादी के कार्ड पर अपनी तस्वीर की जगह महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर छपवाई है, इसके अलावा माही की जर्सी का नंबर भी लिखवाया है। वहीं सोशल मीडिया पर शादी का कार्ड अब जमकर वायरल हो रहा है।

महेंद्र सिंह धोनी का यह जबरा फैन छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, फैन का नाम दीपक पटेल है। दीपक पटेल बचपन से ही महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श मानता है और वह भी क्रिकेट खेलता है। दीपक ने यह खुलासा किया है कि उसने महेंद्र सिंह धोनी को देखकर ही कप्तानी की बारीकियां सीखी हैं और अपने गांव की क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हैं।

दीपक ने शादी की तारीख तय की 7 जून -

बता दें कि दीपक की जल्द ही शादी होने वाली है। दीपक ने अपनी शादी के कार्ड पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मौजूदा चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर शादी के कार्ड में छपवाई है। इसके साथ ही जर्सी नंबर-7 भी लिखवाया है। दरअसल, 7 जून 2023 को दीपक पटेल की शादी होनी है। माही के लिए दीपक की इस दीवानगी को देखकर सभी लोग हैरान हैं। वहीं, दीपक पटेल की शादी का कार्ड अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

हाल ही में माही के घुटने की हुई है सर्जरी -

गौरतलब हो कि हाल ही में समाप्त हुए इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना पांचवां आईपीएल खिताब जीता। इस पूरे सीजन (आईपीएल 2023) के दौरान माही को लेकर फैंस की दीवानगी हर जगह देखने को मिली थी। चेन्नई सुपर किंग्स के हर मुकाबले में भारी संख्या में दर्शक स्टेडियम में उपस्थित हो रहे थे। आपको बता दें कि मुंबई की कोकिलाबेन अस्पताल में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने घुटने की सर्जरी करवाई है। इंडियन प्रीमियर लीग मैच के दौरान माही को इससे परेशान देखा गया था।

First Updated : Monday, 05 June 2023
Topics :