नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी को 55 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की. हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में आरसीबी की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी. हालांकि हार के बावजूद बेंगलुरु की टीम अंक तालिका में टॉप-2 में अपनी जगह बचाने में सफल रही.
आरसीबी के लिए यह मैच इसलिए भी अहम था क्योंकि टीम को टॉप-2 में बने रहने के लिए सिर्फ 166 रन तक पहुंचना जरूरी था. टीम ने यह आंकड़ा पार कर लिया, जिससे उसे प्लेऑफ में बड़ा फायदा मिलेगा. टॉप-2 में रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलते हैं. अगर टीम क्वालीफायर-1 हार भी जाए तो उसके पास क्वालीफायर-2 जीतकर फाइनल में पहुंचने का अवसर रहता है. ऐसे में बेंगलुरु को हार के बावजूद राहत मिली है.
दूसरी ओर, हैदराबाद को जीत के बावजूद अंक तालिका में कोई खास फायदा नहीं हुआ और टीम तीसरे स्थान पर ही बनी रही. अब उसे फाइनल तक पहुंचने के लिए एलिमिनेटर और फिर क्वालीफायर-2 दोनों मुकाबले जीतने होंगे. प्लेऑफ के इस फॉर्मेट में तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के लिए हर मैच करो या मरो जैसा होता है.
मुकाबले में हैदराबाद के बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, किशन ने 46 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. अभिषेक शर्मा ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन बनाए. वहीं क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इसके अलावा हेड ने 26 और नीतिश रेड्डी ने नाबाद 29 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खास नहीं रही. रजत पाटीदार ने 56 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, जबकि वेंकटेश ने 44 रन की तेज पारी खेली. लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके. कोहली सिर्फ 15 रन ही बना पाए. वहीं हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया. First Updated : Friday, 22 May 2026