बैडमिंटन की चर्चित जोड़ी अब साथ नहीं, शादी के 7 साल बाद साइना-कश्यप हुए अलग
साइना और पारुपल्ली की 7 साल पहले शादी हुई थी. दोनों ने हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन एकेडमी में ट्रेनिंग लेते थे और एक साथ इस खेल में आगे बढ़े. दोनों ने लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 2018 में दोनो की सहमति से शादी हुई थी.

Badminton Couple Saina-Kashyap: भारत की बैडमिंटन सनसनी साइना नेहवाल ने रविवार देर रात एक चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने अपने लंबे समय के साथी और पति पारुपल्ली कश्यप के साथ अलग होने की घोषणा की. साइना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक बयान जारी कर इस फैसले को बताया, जिसने खेल जगत और उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया. दोनों की शादी को सात साल हुए थे, और उनकी प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से शुरू होकर हुई थी. दोनों ने हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन एकेडमी में एक साथ खेला और दुनिया में भारत का नाम रोशन किया. साइना ने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता, जबकि पारुपल्ली ने 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता.
साइना का इंस्टाग्राम बयान
साइना नेहवाल ने रविवार देर रात अपनी इंस्टाग्राम पर अलग होने की स्टोरी लगाया. उन्होंने लिखा, "जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है. बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है. हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, तरक्की और राहत चुन रहे हैं. मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे बढ़ने के साथ सिर्फ अच्छे की कामना करती हूं. इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद." पारुपल्ली कश्यप ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
भारत की बैडमिंटन रानी
साइना नेहवाल ने भारतीय बैडमिंटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. 2008 बीजिंग ओलंपिक में महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर उन्होंने इस खेल को भारत में नया आयाम दिया. 2012 में लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर वह ओलंपिक पोडियम पर पहुंचने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं. 2015 में, साइना ने विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में नंबर एक का स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया. वह विश्व की नंबर एक शटलर बनने वाली पहली भारतीय महिला थीं. उनकी उपलब्धियों ने भारत में बैडमिंटन को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई.
साइना और कश्यप की प्रेम कहानी
साइना और पारुपल्ली की मुलाकात 1997 में एक बैडमिंटन कैंप के दौरान हुई थी. 2004 में जब पुलेला गोपीचंद ने हैदराबाद में अपनी बैडमिंटन एकेडमी शुरू की, तब दोनों ने उनके मार्गदर्शन में ट्रेनिंग शुरू किया. यहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदली. 2018 में दोनों ने शादी कर ली, लेकिन अपनी रिलेशनशिप को तब तक गोपनीय रखा. एक इंटरव्यू में पारुपल्ली ने अपनी और साइना की प्रेम कहानी को 'स्कूल वाला रोमांस' बताया था, जो मासूम था और दोस्तों के बीच अपनी प्रेमिका के बारे में बताने की खुशी से भरा था.
भारतीय बैडमिंटन को नई दिशा देने वाले सितारे
साइना और पारुपल्ली ने न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों से भारत का नाम रोशन किया, बल्कि बैडमिंटन को देश में लोकप्रिय बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया. प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद के बाद साइना ने इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, जिसके बाद भारत में बैडमिंटन खिलाड़ियों की नई पीढ़ी उभरी. वहीं, कश्यप ने पुरुष बैडमिंटन में भारत की खोई पहचान को फिर से स्थापित किया. दोनों की जोड़ी ने खेल और निजी जीवन में एक-दूसरे का साथ दिया, लेकिन अब उनके रास्ते अलग हो चुके हैं.


