इंडियन प्रीमयर लीग के इतिहास में हिटमैन के नाम दर्ज हैं ये 5 उपलब्धियां, कुछ ऐसे कमाल भी कर चुके हैं रोहित शर्मा

IPL में मुंबई इंडियंस का नेतृत्व कर रहे रोहित शर्मा रविवार 30 अप्रैल को अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए आज जानते हैं रोहित शर्मा के नाम दर्ज IPL इतिहास की 5 दिलचस्प उपलब्धियां।

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा रविवार 30 अप्रैल को अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं। तीनों फॉर्मेंट में भारतीय टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर पूरे विश्व में अपना नाम कमाया है। रोहित शर्मा अभी IPL में मुंबई इंडियंस की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। रोहित शर्मा को साल 2013 में मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया था।

यानि कि इस साल लगातार 10वीं बार रोहित मुंबई इंडियंस का नेतृत्व कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने अभी तक कुल पांच बार IPL का खिताब जीता है। आइए आज इस खबर में जानते हैं रोहित शर्मा की शीर्ष 5 उपलब्धियों के बारे में...

1. IPL 2023 में 6 हजार रन के आंकड़े को किया पार -

IPL 2023 (इंडियन प्रीमियर लीग) में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने एक बेहतरीन कीर्तिमान हासिल कर लिया। रोहित शर्मा IPL में 6000 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। बता दें कि विराट कोहली IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

2. IPL के सबसे सफल कप्तान हैं रोहित शर्मा -

IPL में मुंबई इंडियंस सबसे सफल टीम क्यों हैं, इस बात की बानगी देती है IPL की 5 चमचमाती ट्रॉफियां, जो मुंबई के पास मौजूद हैं। मुंबई का नेतृत्व करते हुए रोहित ने साल 2013, साल 2015, साल 2017, साल 2019 और साल 2020 में अपनी टीम को चैम्पियन बनाया है।

IPL इतिहास में एक खिलाड़ी के रूप में पांच IPL खिताब जीतने वाले रोहित इकलौते कप्तान हैं। रोहित शर्मा के बाद दूसरे सबसे सफल खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी है, धोनी ने चेन्नई की अगुआई करते हुए 4 बार IPL का खिताब जीता है।

3. IPL के हर सीजन में जड़ा है अर्धशतक -

IPL की शुरुआत साल 2008 में हुई थी। IPL के शुरुआती सालों में रोहित शर्मा डेक्कन चार्जर्स की टीम का हिस्सा थे। दरअसल, IPL के पहले सीजन से लेकर खेले गए सभी सीजन में रोहित शर्मा ने किसी न किसी मुकाबले में अर्धशतक जरूर जमाया है। यह कमाल रोहित शर्मा के अलावा अन्य किसी भी बल्लेबाज ने नहीं किया है।

4. हैट्रिक भी ले चुके हैं रोहित शर्मा -

वहीं रोहित शर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से तो सभी वाकिफ हैं, मगर कुछ ही लोगों के यह मालूम होगा कि कुछ साल पहले तक रोहित शर्मा एक शानदार स्पिन गेंदबाज भी थे। हिटमैन ने IPL में विकेटों की हैट्रिक भी अपने नाम की है। जो कमाल IPL में अच्छे से अच्छा गेंदबाज नहीं कर सका वो कमाल रोहित ने गेंदबाजी करते हुए कर दिखाया है।

साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेलते हुए रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हैट्रिक ली थी। रोहित ने हरभजन सिंह, अभिषेक नायर और जेपी डुमिनी को लगातार तीन गेंदों पर आउट कर पवेलियन की राह दिखाई थी। इसके अलावा वो IPL में हैट्रिक के साथ- साथ शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं।

5. एक अनोखा अर्धशतक भी दर्ज है रोहित शर्मा के नाम -

रोहित शर्मा ने IPL 2023 में एक और ऐसा अजीबोगरीब उपलब्धि उनके नाम दर्ज हो चुकी है, जो कि कोई भी बल्लेबाज देखना पसंद नहीं करेगा। बता दें कि इस सीजन (साल 2023) रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेले मैच में रोहित शर्मा महज 1 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए।

इसी के साथ IPL के इतिहास में रोहित शर्मा 0 से 5 रन के बीच सबसे ज्यादा बार आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। वो IPL में 50 बार 0 से 5 रन के बीच आउट हो चुके हैं। रोहित शर्मा के बाद दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक हैं, जो 44 बार 0 से 5 रन के बीच आउट हुए हैं।

Topics

calender
30 April 2023, 02:27 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो