U19 एशिया कप: भारत vs पाकिस्तान हाईवोल्टेज मुकाबला आज, वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक से फिर मचेगा धमाल
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इन दिनों आग उगल रहा है. मैदान पर हर गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने का उनका अंदाज़ देखकर फैंस दीवाने हो गए हैं. अब बारी है पाकिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाफ वैभव जरूर चाहेंगे कि उनका बल्ला फिर से धमाकेदार तरीके से बोले और भारतीय झंडा ऊंचा रखे.

नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होने जा रही हैं. मौका है एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2025 का, जहां दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें ग्रुप मुकाबले में भिड़ेंगी. यह हाई-वोल्टेज मैच 14 दिसंबर (रविवार) को दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेला जाएगा.
इस मुकाबले में टॉस भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे होगा, जबकि पहली गेंद 10:30 बजे डाली जाएगी. टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मैच में दमदार जीत दर्ज कर आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में कदम रखा है, जिससे यह मैच और भी रोमांचक हो गया है.
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी निगाहें
पाकिस्तान के खिलाफ इस अहम मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी चर्चा के केंद्र में रहेंगे. वैभव शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 95 गेंदों पर 171 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 14 छक्के और 9 चौके शामिल थे. यदि वैभव का बल्ला इस मैच में भी चला, तो भारतीय टीम की राह आसान हो सकती है.
कप्तान आयुष म्हात्रे भी इस मुकाबले में खुद को साबित करना चाहेंगे. यूएई के खिलाफ वह केवल 4 रन ही बना सके थे और पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेंगे.
TV और ऑनलाइन कहां देखें मुकाबला
भारत में इस रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. इसके अलावा SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी.
दोनों टीमों ने शानदार जीत का आगाज
टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान दोनों ने धमाकेदार शुरुआत की है. भारत ने अपने पहले मैच में यूएई को 234 रनों के बड़े अंतर से हराया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 433 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसमें वैभव सूर्यवंशी के 171 रन शामिल थे. जवाब में यूएई की टीम 7 विकेट पर 199 रन ही बना सकी.
वहीं पाकिस्तान ने भी अपने पहले मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया. पाकिस्तान ने 50 ओवर में 3 विकेट पर 345 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज समीर मिन्हास ने नाबाद 177 रन और अहमद हुसैन ने 134 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों ने मलेशिया को महज 48 रनों पर समेट दिया और मुकाबला 297 रनों से जीत लिया.
ग्रुप और टूर्नामेंट का फॉर्मेट
एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2025 में भारत को पाकिस्तान, मलेशिया और यूएई के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है. ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल की टीमें शामिल हैं. दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को खेला जाएगा.
अंडर-19 एशिया कप 2025: भारतीय टीम
आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), युवराज गोहिल, कनिष्क चौहान, खिलान ए. पटेल, नमन पुष्पक, डी. दीपेश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन और एरॉन जॉर्ज.
स्टैंडबाय: राहुल कुमार, जे हेमचूडेशन, बीके किशोर और आदित्य रावत.
अंडर-19 एशिया कप 2025: पाक टीम
साद बेग (कप्तान), अब्दुल सुभान, अहमद हुसैन, अली रजा, फहम उल हक, फरहान यूसुफ, हारून अरशद, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद रियाजुल्लाह, नवीद अहमद खान, शाहजैब खान, तैयब आरिफ, उमर जैब और उस्मान खान.
भारतीय टीम के ग्रुप मुकाबले
12 दिसंबर: बनाम यूएई, आईसीसी एकेडमी, दुबई (भारत ने 234 रनों से जीत दर्ज की)
14 दिसंबर: बनाम पाकिस्तान, आईसीसी एकेडमी, दुबई
16 दिसंबर: बनाम मलेशिया, द सेवन्स, दुबई
नॉकआउट मुकाबलों का शेड्यूल
19 दिसंबर: पहला सेमीफाइनल (A1 vs B2), आईसीसी एकेडमी, दुबई
19 दिसंबर: दूसरा सेमीफाइनल (B1 vs A2), द सेवन्स, दुबई
21 दिसंबर: फाइनल


