नेट प्रैक्टिस में बड़े हादसे का शिकार हुए वैभव सूर्यवंशी, पसलियों में लगी तेज गेंद, अगले मैच से हो सकते हैं बाहर
इंग्लैंड के खिलाफ आगामी मुकाबले से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान वैभव सूर्यवंशी एक खतरनाक गेंद का शिकार होकर चोटिल हो गए और दर्द के मारे मैदान पर ही बैठ गए.

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी इस समय हर तरफ सुर्खियों में छाए हुए हैं. 4 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर कदम रखते ही उन्होंने सबसे कम उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अपने पहले मुकाबले में वे केवल 14 रन ही बना सके, लेकिन उनकी प्रतिभा को देखकर क्रिकेट पंडित एक बड़ी पारी की उम्मीद जता रहे हैं. इसी बीच, क्रिकेट गलियारों से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है. इंग्लैंड के खिलाफ आगामी मुकाबले से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान वैभव सूर्यवंशी एक खतरनाक गेंद का शिकार होकर चोटिल हो गए और दर्द के मारे मैदान पर ही बैठ गए.
थ्रोडाउन अभ्यास के दौरान पसलियों में लगी तेज गेंद
वायरल वीडियो के अनुसार, यह घटना उस समय की है जब वैभव सूर्यवंशी आगामी मैच के लिए नेट्स पर कड़ा अभ्यास कर रहे थे. टीम इंडिया के जाने-माने थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट राघवेंद्र द्विवेदी उन्हें बैटिंग प्रैक्टिस के लिए गेंदे फेंक रहे थे. इसी दौरान राघवेंद्र की एक बेहद तेज रफ्तार शॉर्ट पिच गेंद को वैभव भांप नहीं पाए और गेंद सीधे जाकर उनकी पसलियों (रिब्स) से टकरा गई. गेंद की गति इतनी तीव्र थी कि चोट लगते ही यह युवा बल्लेबाज दर्द से कराहते हुए तुरंत पिच पर बैठ गया. वीडियो में यह भी देखा गया कि इस घटना के तुरंत बाद थ्रोडाउनर राघवेंद्र खिलाड़ी को संभालने के बजाय गेंद उठाने के लिए आगे बढ़ गए.
Raghuvendra Dwivedi Throwdown Specialist Of Indian Cricket Team Bowled 150kmph Delivery That Hit Suryavanshi Badly On His Ribs. He Fell On The Ground And Raghuvendra’s First Reaction Was To Pick Up The Ball Instead Of Checking On Him. Bro, He Is Just 15 Years Old. At Least Show… pic.twitter.com/H0hrnvXthh
— ÉlyséeCricket (@CricketElysee) July 6, 2026
5 मिनट तक थमा रहा अभ्यास
इस अप्रत्याशित हादसे के तुरंत बाद नेट्स पर चल रहे अभ्यास सत्र को करीब 5 मिनट के लिए रोक दिया गया. भारतीय टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ तुरंत दौड़कर वैभव के पास पहुंचे. उन्हें पानी पिलाया गया और टीम के फिजियो ने मैदान पर ही उनकी चोट का बारीकी से निरीक्षण किया. इस युवा खिलाड़ी ने किसी गंभीर अंदरूनी चोट न होने की पुष्टि के बाद मैदान पर अद्भुत साहस दिखाया. दर्द से उबरने के महज 5 से 6 मिनट के भीतर ही वैभव ने अपना 'बिहारी जज्बा' दिखाते हुए दोबारा बल्ला थामा और क्रीज पर गार्ड लेकर बल्लेबाजी के लिए तैयार हो गए.
तीसरे टी20 में खेलने पर सस्पेंस
टीम मैनेजमेंट ने उनकी फिटनेस को लेकर कोई भी मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया है. क्रिकेट में अभ्यास के दौरान ऐसी छोटी-मोटी चोटें आम बात हैं जो प्राथमिक उपचार के बाद ठीक हो जाती हैं. फैंस को उम्मीद है कि वे पूरी तरह फिट होकर मैदान पर उतरेंगे. बता दें कि पहले मैच में वैभव ने स्टार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़ा था, लेकिन विल जैक्स की स्पिन पर वे स्टंप आउट हो गए थे. अब नॉटिंघम में भारतीय समयानुसार रात 10 बजे होने वाले अगले मुकाबले में सभी की निगाहें उनकी वापसी पर टिकी होंगी.


