कंगाली और विरोध प्रदर्शनों से घिरा पाकिस्तान! PoK में बढ़ते गुस्से के बीच आसिम मुनीर ने फिर उठाया कश्मीर का मुद्दा

PoK में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया है. साथ ही उन्होने भारत पर गंभीर आरोप भी लगाया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बार फिर कश्मीर को लेकर भारत विरोधी बयान दिया है. उन्होंने कश्मीर को पाकिस्तान की "जुगुलर वेन" यानी सबसे अहम नस बताया. यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं और स्थानीय लोग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं.

कोर कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में उठा कश्मीर का मुद्दा

रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय (GHQ) में आयोजित 276वीं कोर कमांडर्स कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता आसिम मुनीर ने की. बैठक के बाद पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर ने बयान जारी कर जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघन और जनसंख्या संतुलन बदलने जैसे आरोप भारत पर लगाए. साथ ही कश्मीर को पाकिस्तान के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा बताया.

PoK में बढ़ रहा विरोध

दूसरी ओर, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने पाकिस्तान और स्थानीय प्रशासन को 8 जुलाई तक अपनी मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है. संगठन का कहना है कि यदि तय समय तक मांगें नहीं मानी गईं तो बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी. समर्थकों से शांतिपूर्ण और संगठित तरीके से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील भी की गई है.

सुरक्षा और आतंकवाद पर भी चर्चा

बैठक में पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा और सैन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई. आईएसपीआर ने दावा किया कि पाकिस्तान के खिलाफ सक्रिय आतंकी समूह सीमावर्ती इलाकों से संचालित हो रहे हैं. सेना ने आतंकवाद विरोधी अभियान जारी रखने की बात दोहराई और भारत पर हाइब्रिड वॉरफेयर तथा भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप लगाए. साथ ही सिंधु जल संधि को लेकर भी अपना पुराना रुख दोहराया.

बयान पर उठ रहे सवाल

PoK में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों और लोगों की नाराजगी से ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया गया है. उनका कहना है कि आर्थिक संकट और स्थानीय असंतोष के बीच ऐसे बयान घरेलू दबाव कम करने की कोशिश के तौर पर देखे जा रहे हैं.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो