मैं अब दूध नहीं पीता ऑरेंज कैप जीतने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने बताया सफलता का राज, फिटनेस पर दिया जोर

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 फाइनल में ऑरैंज कैप जीतने के बाद अपनी सफलता का राज बताया है. उन्होने मात्र 15 साल की उम्र मेंं कई बड़े रिकोर्डस तोड़ दिए हैें.

calender

अहमदाबाद: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने तूफानी प्रदर्शन से सभी को हैरान कर दिया. सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज से बल्लेबाजी की, उसने उन्हें सीजन का सबसे चर्चित खिलाड़ी बना दिया. ऑरेंज कैप जीतने के बाद वैभव ने अपनी सफलता का राज भी बताया.

दबाव में खेलना सबसे बड़ी सीख

पूरे सीजन में शानदार बल्लेबाजी करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि इस आईपीएल से उन्हें सबसे बड़ी सीख दबाव वाले मैचों में खुद को संभालना मिला. उन्होंने कहा कि हर मुकाबले में एक जैसी बल्लेबाजी नहीं की जा सकती.

वैभव के मुताबिक, खिलाड़ी को मैच की स्थिति समझनी चाहिए और टीम की जरूरत के हिसाब से अपने खेल में बदलाव करना चाहिए. उन्होंने माना कि प्लेऑफ जैसे बड़े मुकाबलों ने उन्हें मानसिक रूप से और मजबूत बनाया.

रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी से मचाया धमाल

राजस्थान रॉयल्स भले ही फाइनल तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में सबसे अलग रहा. उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237 से ज्यादा रहा.

युवा बल्लेबाज ने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए और इसी के साथ उन्होंने क्रिस गेल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दी थी.

रवि शास्त्री के सवाल पर दिया मजेदार जवाब

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने वैभव से मजाकिया अंदाज में पूछा कि वह कितना दूध पीते हैं. इस पर वैभव ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वह अब दूध नहीं पीते. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अपने खेल पर भरोसा करते हैं. अगर गेंद उनके पसंदीदा एरिया में आती है तो वह बिना डर के बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हैं.

फिटनेस पर रहेगा पूरा फोकस

वैभव सूर्यवंशी ने साफ कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य फिटनेस को बेहतर बनाना है. उनका मानना है कि लंबे समय तक क्रिकेट खेलने और चोटों से बचने के लिए फिटनेस बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह अपनी ट्रेनिंग और फिटनेस पर ज्यादा मेहनत करेंगे ताकि लगातार अच्छा प्रदर्शन कर सकें. First Updated : Monday, 01 June 2026

Topics :