वैभव सूर्यवंशी ने हेजलवुड-भुवनेश्वर की उखेड़ी बख्खियां, 300 के स्ट्राइक रेट से कूटे 78 रन

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने RCB के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन की विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 8 चौके व 7 छक्के लगाए. आखिर में क्रुणाल पंड्या की गेंद पर विराट कोहली के हाथों कैच आउट हो गए.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया. गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए इस मैच में उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में रन बनाए और गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी रहे.

अभिनंदन शर्मा के ओवर को कूटा 

महज 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी पारी की शुरुआत ही दमदार अंदाज में की. उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के पहले ही ओवर में तीन चौके जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए. इसके बाद भी उनका आक्रमण जारी रहा और उन्होंने हर गेंदबाज को निशाने पर लिया. खासतौर पर अभिनंदन शर्मा के ओवर में उन्होंने ताबड़तोड़ रन बटोरे, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था.

पारी के चौथे ओवर में वैभव ने अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पर हमला बोलते हुए लगातार चार गेंदों पर 4, 4, 4 और 6 रन ठोक दिए. उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और टाइमिंग का बेहतरीन मेल देखने को मिला. इसके बाद उन्होंने एक बार फिर भुवनेश्वर कुमार को निशाना बनाते हुए लगातार दो छक्के जड़ दिए और सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया.

क्रुणाल पंड्या के शिकार बने वैभव

वैभव की इस तेजतर्रार पारी को देखकर ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से शतक तक पहुंच सकते हैं. हालांकि, उनकी यह शानदार पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. क्रुणाल पंड्या की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही तरीके से बल्ले पर नहीं आई और विराट कोहली ने उनका कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया.

आउट होने से पहले वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. उनकी इस पारी ने मैच में रोमांच बढ़ा दिया और दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिला. गौरतलब है कि वैभव इस सीजन में दूसरी बार इतनी तेज गति से अर्धशतक बनाने में सफल रहे हैं. इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी इसी मैदान पर 15 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी. इसके अलावा वह आईपीएल में तीसरी बार 20 से कम गेंदों में अर्धशतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं, जो उनकी प्रतिभा और आक्रामक शैली को दर्शाता है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो