IND vs AUS: सेमीफाइनल से पहले स्मिथ को भारत से किस बात का डर?
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भारतीय स्पिनरों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है. उन्होंने स्वीकार किया कि सूखी पिच पर स्पिनरों की भूमिका निर्णायक होगी और उनके प्रदर्शन पर ही मैच का परिणाम निर्भर करेगा. स्मिथ ने यह भी माना कि पिच पर गेंद घूम सकती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उन्होंने कहा कि गेंद को कुछ टर्न मिलेगा और हमें इसके लिए तैयार रहना होगा. हमारे पास स्पिन खेलने के लिए कुछ योजनाएँ हैं, जिन्हें हम अमल में लाने की कोशिश करेंगे.

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भारतीय स्पिनरों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है. उन्होंने स्वीकार किया कि सूखी पिच पर स्पिनरों की भूमिका निर्णायक होगी और उनके प्रदर्शन पर ही मैच का परिणाम निर्भर करेगा. स्मिथ के मुताबिक, भारतीय स्पिनरों का सामना करना उनकी टीम के लिए एक कठिन परीक्षा साबित हो सकता है.
रविवार को भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने ग्रुप ए के अंतिम मैच में चार स्पिनरों का उपयोग कर विपक्षी बल्लेबाजी को 205 रन पर समेट दिया और 44 रन से जीत दर्ज की. इस प्रदर्शन ने सेमीफाइनल से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को सतर्क कर दिया है. स्मिथ ने कहा कि मुझे लगता है कि सिर्फ वरुण चक्रवर्ती ही नहीं, बल्कि भारत के अन्य स्पिनर भी शानदार हैं. हमारा मुकाबला इस बात पर निर्भर करेगा कि हम उनकी स्पिन गेंदबाजी को कितनी अच्छी तरह खेल पाते हैं. यह हमारे लिए एक बड़ी चुनौती होने वाली है.
स्मिथ ने यह भी माना कि पिच पर गेंद घूम सकती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उन्होंने कहा कि गेंद को कुछ टर्न मिलेगा और हमें इसके लिए तैयार रहना होगा. हमारे पास स्पिन खेलने के लिए कुछ योजनाएँ हैं, जिन्हें हम अमल में लाने की कोशिश करेंगे.
ट्रेविस हेड से उम्मीदें
स्मिथ ने नॉकआउट मैचों में ट्रेविस हेड के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे इस मैच में भी अपनी फॉर्म जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि बड़े मैचों में दबाव हमेशा होता है, लेकिन ट्रेविस ने अतीत में बेहतरीन पारियां खेली हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने शानदार लय में बल्लेबाजी की थी. मुझे यकीन है कि वह इस मुकाबले में भी आक्रामक रुख अपनाते हुए पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन करेंगे.
दुबई में अभ्यास से फायदा
स्मिथ ने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारत के खिलाफ बेहतर तैयारी का अवसर मिला है क्योंकि उन्होंने जल्द ही दुबई पहुंचकर अभ्यास शुरू कर दिया था. भारत ने अब तक सभी मैच दुबई में खेले हैं, जिससे उन्हें पिच की अच्छी समझ है. इस पर स्मिथ ने कहा कि भारत ने यहां ज्यादा मैच खेले हैं, इसलिए उन्हें पिच की बेहतर जानकारी होगी. हमें भी इसकी समझ है, क्योंकि पिच सूखी है और हम इसके अनुरूप खुद को ढाल रहे हैं.
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ने के तुरंत बाद दुबई के लिए उड़ान भरी, जिससे उन्हें अभ्यास का अतिरिक्त समय मिल गया. इस पर स्मिथ ने कहा कि हमारे लिए यह फायदेमंद रहा, क्योंकि जल्दी पहुंचने से हमें अभ्यास का अच्छा मौका मिला. अगर हम भारत और न्यूजीलैंड के मैच के बाद यहां पहुंचते, तो अभ्यास का समय नहीं मिल पाता.
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय स्पिनरों की चुनौती का कैसे सामना करती है और क्या वे सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कर पाते हैं.


