BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी एशिया कप 2025 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों के नाम भी घोषित किए गए हैं. इस बार टीम में कुछ चौंकाने वाले चयन और न चुने जाने वाले फैसले देखने को मिले हैं.
युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है, जो पिछले कुछ समय से टीम का नियमित हिस्सा नहीं थे. उनका यह चयन टीम मैनेजमेंट के गिल पर भरोसे को दर्शाता है. वहीं, सूर्यकुमार यादव को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इस बार टीम चयन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय दो खिलाड़ियों का टीम से बाहर रहना रहा. यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर. चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने इन दोनों के चयन न होने पर प्रतिक्रिया दी. अगरकर ने कहा कि यशस्वी का प्रदर्शन शानदार रहा है, लेकिन अभिषेक शर्मा बेहतर फॉर्म में हैं और गेंदबाज़ी विकल्प भी प्रदान करते हैं. ऐसे में दोनों में से एक को चुनना पड़ा. वहीं, अय्यर के बारे में उन्होंने कहा कि वो बिना किसी गलती के बाहर हो गए. उन्हें बस अपने मौके का इंतजार करना होगा.
श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने 17 पारियों में 50.33 की औसत और 175.07 की स्ट्राइक रेट से कुल 604 रन बनाए. उनके बल्ले से छह अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97 नाबाद रहा.
यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 14 मैचों में 559 रन बनाए, जिसमें उनकी औसत 43 और स्ट्राइक रेट 159.71 रही. उनके नाम भी छह अर्धशतक दर्ज हैं. इन दोनों खिलाड़ियों के आंकड़े उन्हें टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त लगते हैं, लेकिन टीम संयोजन के चलते चयनकर्ताओं को कड़े फैसले लेने पड़े.
भारतीय स्क्वॉड इस प्रकार है- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह
First Updated : Tuesday, 19 August 2025