छिंदवाड़ा में बस-पिकअप की टक्कर में 10 की मौत, 20 से अधिक घायल

छिंदवाड़ा में कार्यक्रम से लौट रही बस की पिक-अप से टक्कर में 10 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हो गए. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम से लौट रहे लोगों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. पुलिस के अनुसार, यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर नागपुर रोड पर सिमरिया के पास हुआ, जब बस की टक्कर एक पिक-अप वाहन से हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई.

 बस में 40 यात्री थे सवार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में लगभग 40 यात्री सवार थे. इस भीषण हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है. इसके अलावा 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. पुलिस अधीक्षक (एसपी), कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

मुख्यमंत्री मोहन ने जताई चिंता 

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और इसे बेहद दुखद एवं हृदयविदारक घटना बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर हिंदी में पोस्ट कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 1 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है. उन्होंने यह भी कहा कि सभी घायलों का इलाज सरकार की ओर से निशुल्क कराया जाएगा. स्थिति की निगरानी के लिए भोपाल में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए. साथ ही, जबलपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के आदेश दिए गए हैं. छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी अपना कार्यक्रम बदलकर तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो