Chandigarh Thar Accident: चंडीगढ़ शहर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार थार वाहन ने दो बहनों को रौंद दिया. हादसे में बड़ी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल में इलाज जारी है. यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों बहनें कॉलेज से लौटकर सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थीं. घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन वह पहले ही अपना ठिकाना छोड़ चुका था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है.
बुधवार को जोसेफ और ईशा नामक दो बहनें कॉलेज से लौटते समय सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान एक तेज रफ्तार काले रंग की थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद थार ड्राइवर वाहन समेत फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने दोनों बहनों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बड़ी बहन जोसेफ को मृत घोषित कर दिया. छोटी बहन ईशा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है. दोनों बहनें शहर के बुरैल इलाके की निवासी थीं.
पुलिस ने थार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन पता चला कि वह काफी समय पहले अपना घर खाली कर चुका है. अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है.
यह कोई पहला मामला नहीं है जब तेज रफ्तार वाहन ने किसी की जान ली हो. बीते कुछ महीनों में शहर में हिट एंड रन की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं. एक महीने पहले अंबाला कैंट निवासी एक व्यक्ति की बाइक को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. उस मामले में भी चालक मौके से फरार हो गया था और पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(A) और 106 के तहत मामला दर्ज किया था. First Updated : Thursday, 16 October 2025