कोलकाता: सोनारपुर में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य पुलिस ने उन्हें तत्काल प्रभाव से एक्स श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक नई व्यवस्था लागू भी कर दी गई है।
ममता बनर्जी सरकार के दौरान अभिषेक को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी। सत्ता परिवर्तन के बाद उनकी सुरक्षा हटा दी गई थी। अब राज्य पुलिस के सुरक्षा आकलन के बाद एक्स श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इसके तहत हर समय तीन सुरक्षा कर्मी उनके साथ तैनात रहेंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को अहम माना जा रहा है।
इस बीच TMC ने हमले से जुड़े कुछ नए वीडियो जारी किए हैं। पार्टी का कहना है कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग अभिषेक बनर्जी की तरफ पत्थर फेंक रहे हैं। TMC का आरोप है कि हमलावरों ने सीधे उनके चेहरे को निशाना बनाया। पार्टी इसे अचानक हुई झड़प न मानकर सोची समझी साजिश बता रही है।
TMC ने घटना के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि मौके पर पर्याप्त सुरक्षा बल नहीं थे। अगर पुलिस समय पर एक्शन लेती तो हमले को रोका जा सकता था।
घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने खुद मीडिया के सामने आकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन पर जानबूझकर हमला किया गया। उनके पास पूरी घटना के वीडियो सबूत मौजूद हैं। अभिषेक ने साफ किया कि वो इस मामले को अदालत तक ले जाएंगे।
TMC ने इस पूरे मामले के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का कहना है कि वीडियो और बाकी सबूत उनके पास हैं। इन सबूतों को कानूनी लड़ाई में इस्तेमाल किया जाएगा। मामला अब कोर्ट की तरफ बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बंगाल की सियासत में यह मुद्दा और ज्यादा गरमाएगा। First Updated : Saturday, 30 May 2026