झारखण्ड में मौत के बाद हुई शादी! चिता से पहले आरोपी ने भरी मंगेतर की मांग

झारखंड के गिरिडीह में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी युवक ने अंतिम संस्कार से पहले शव की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म निभाई. मृतका के परिवार ने युवक पर मारपीट और जहर देकर मौत के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

रांची: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. यहां एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद उस युवक ने अंतिम संस्कार से पहले युवती के शव के साथ शादी की रस्में निभाईं. युवक पर ही उसकी हत्या का आरोप लगा है. आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी में मृतका की मांग में सिंदूर भरा और प्रतीकात्मक विवाह किया.

चार महीने पहले हुई थी सगाई 

इंडिया टु़डे के मुताबिक, मृतका और आरोपी युवक मनीष मुर्मू की सगाई करीब चार महीने पहले हुई थी. दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी तय की थी. सगाई के बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी थी. लड़की के परिवार का आरोप है कि शादी का वादा करके उसे युवक के घर में रखा गया और बाद में उसके साथ मारपीट की गई.

पीड़िता के पिता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जब उन्होंने बेटी की शादी जल्द कराने का दबाव बनाया, तो शुक्रवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है. परिवार तुरंत युवक के घर पहुंचा और युवती को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतका के पिता का आरोप है कि आरोपी युवक ने उनकी बेटी को प्रताड़ित किया और शादी से बचने के लिए उसे जहर खाने के लिए मजबूर किया. उनका दावा है कि जहर के कारण ही उसकी मौत हुई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मनीष मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया.

घटना ने उस समय और अजीब मोड़ ले लिया, जब पोस्टमार्टम के बाद दोनों परिवारों ने शव लेने से इनकार कर दिया. हालात को देखते हुए पुलिस शव को थाने ले गई और रातभर वहीं रखा गया. बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच शव को आरोपी के गांव ले जाया गया, जहां भारी संख्या में लोग मौजूद थे.

इलाके में तनावपूर्ण माहौल

परिवार की मांग पर आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में वहां लाया गया. इसके बाद उसने मृत युवती की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म निभाई. इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. इस दौरान इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और पुलिस बल तैनात किया गया.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के असली कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. वहीं इस घटना ने सामाजिक और कानूनी दोनों स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शव के साथ शादी की यह घटना लोगों के बीच चर्चा और बहस का विषय बनी हुई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो