1800 कटने के बाद किसान के खाते में आए अरबों रुपये, देखकर उड़ गए होश

यूपी के हाथरस के एक किसान के बैंक अकाउंट में अचानक अरबों रुपये आने का मामला सामने आया है. खाते में इतनी बड़ी रकम उसके होश उड़ गए. आनन-फानन में थाने पहुंचकर उसने पुलिस को इस बात की सूचना दी.

calender

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को हैरानी में डाल दिया है. सादाबाद तहसील के नगला दुर्जिया गांव निवासी एक किसान अजीत सिंह के खाते में अचानक 10 नील 1 खरब 35 अरब 60 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपये से अधिक की रकम दिखाई देने लगी. यह देखकर किसान अवाक रह गया, क्योंकि एक दिन पहले ही उसके खाते से 1800 रुपये कट गए थे और वह इसी बात को लेकर परेशान था.

1800 रुपये बिना किसी लेन-देन के कटे थे

अजीत सिंह ने बताया कि 24 अप्रैल को एयरटेल पेमेंट बैंक के उनके खाते से 1800 रुपये बिना किसी लेन-देन के कट गए थे. उन्होंने इसकी शिकायत कस्टमर केयर से की, लेकिन अगले ही दिन जब उन्होंने दोबारा बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए. खाते में दिख रही असामान्य रकम को देखकर उन्होंने तुरंत मई पुलिस चौकी और सादाबाद कोतवाली में इसकी सूचना दी. अजीत को आशंका है कि यह किसी साइबर ठगी की साजिश हो सकती है, जिसके तहत उसे फंसाने की कोशिश की जा रही है.

अजीत ने एयरटेल पेमेंट बैंक को भी इस बारे में जानकारी दी, जिसके बाद बैंक ने उनके खाते को फिलहाल फ्रीज कर दिया है. उन्होंने साइबर सेल में भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला किसी तकनीकी गड़बड़ी का है या साइबर अपराधियों की कोई चाल.

संभावित तकनीकी त्रुटि 

इस पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस और बैंक की टीमें मिलकर कर रही हैं. एयरटेल पेमेंट बैंक ने इसे संभावित तकनीकी त्रुटि बताया है और कहा है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. गांव में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग इस अजीब घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं. First Updated : Sunday, 04 May 2025