Bihar Government: बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने हड़ताल पर गए सर्वेकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. विभाग ने कार्रवाई के पहले चरण में 10,775 कर्मियों का लॉगिन बंद कर दिया है. इनमें 446 एएसओ, 656 कानूनगो, 8,759 अमीन और 914 लिपिक शामिल हैं. हड़ताल की वजह से आम लोगों से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित ना हों, इसके लिए विभाग ने तुरंत कदम उठाया है. विभाग ने सभी हड़ताली कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे तत्काल अपने-अपने अंचल कार्यालय में सभी सरकारी कागजात जमा करें. ऐसा ना करने पर उनका कार्यालय प्रवेश भी पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा.
मंगलवार को विभागीय मुख्यालय से सभी जिलों के अपर समाहर्ता (राजस्व) और बंदोबस्त अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर ये आदेश दिए गए. जिलों से हड़ताल पर डटे कर्मचारियों की सूची मांगी गई है और सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
विभाग ने कहा है कि अगर सर्वेकर्मी तुरंत काम पर लौटते हैं, तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और उनका लॉगिन फिर से चालू कर दिया जाएगा. लेकिन अगर वे हड़ताल जारी रखते हैं तो सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों के अनुसार, ये कदम इसलिए उठाया गया है ताकि राजस्व महा-अभियान जैसी जनहितकारी योजनाएं प्रभावित ना हों और रैयतों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके. इस अभियान में राजस्व विभाग के साथ-साथ ग्रामीण विकास विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग और पंचायती राज विभाग के कर्मचारी भी सहयोग कर रहे हैं.
First Updated : Monday, 18 August 2025