उत्तर प्रदेश : लखनऊ के PGI थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ कक्षा-9 की एक छात्रा सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिली. उसे गंभीर स्थिति में SGPGI ट्रॉमा सेंटर के ICU में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार छात्रा पिछले पांच दिनों से होश में नहीं है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
दोस्तों पर हत्या की कोशिश का आरोप
आपको बता दें कि छात्रा की मां, नीतू सिंह ने आरोप लगाया कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि साजिश हो सकती है. उन्होंने बताया कि बेटी की सहेलियों और दोस्तों ने इस घटना में भूमिका निभाई हो सकती है. मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच की मांग की है.
दोस्तों के साथ बाहर जाने के बाद हादसा
नीतू सिंह ने बताया कि उनकी बेटी एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है. 25 दिसंबर को सबसे पहले उसकी एक दोस्त ने फोन किया और घूमने के लिए कहा. जब बेटी ने मना किया, तो दूसरी दोस्त ने भरोसा दिलाया कि वह भी साथ जाएगी. इसके बाद छात्रा दोस्तों के साथ घर से बाहर निकली. परिवार के अनुसार, दोस्त पहले फीनिक्स पलासियो मॉल जाने का बहाना बनाकर निकले, फिर विश्वनाथ एकेडमी स्कूल की ओर गए. देर होने पर मां ने बेटी को कई बार फोन किया. अंत में बेटी ने फोन उठाकर बताया कि वे लुलु मॉल पर हैं और जल्द लौट रहे हैं.
अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया
करीब दस मिनट बाद, एक दोस्त ने फोन कर बताया कि सड़क पर एक्सीडेंट हुआ है और बेटी घायल हो गई है. परिजन तुरंत SGPGI पहुंचे. अस्पताल में पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया था. नीतू सिंह का आरोप है कि अगर यह असली हादसा था, तो दोस्तों को तुरंत पुलिस और परिवार को सूचना देनी चाहिए थी.
आरोपी दोस्त फरार, जांच जारी
घटना के बाद से छात्रा के दो दोस्त निखिल और आइबा खान फरार बताए जा रहे हैं और अस्पताल में हालचाल लेने तक नहीं आए. PGI थाना इंस्पेक्टर ने कहा कि आरोपों की जांच की जा रही है. ACP गोसाईगंज ऋषभ यादव ने बताया कि परिवार की तहरीर पर टीम गठित की गई है. CCTV फुटेज, कॉल डिटेल्स और मेडिकल रिपोर्ट की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
First Updated : Tuesday, 30 December 2025