पंजाब सरकार ने शुरू किया 'मेरी रसोई' योजना, 40 लाख परिवारों को मिलेगा मुफ्त राशन
अब पंजाब में 40 लाख लोगों को मुफ्त राशन मिलेगा. सीएम मान ने आज ‘मेरी रसोई’ योजना की शुरुआत का ऐलान किया है, जिसके तहत गरीब परिवारों को हर तिमाही मुफ्त फूड किट दी जाएगी.

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने राज्य में खाद्य और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ‘मेरी रसोई’ योजना की शुरुआत का ऐलान किया.
इस योजना के तहत अप्रैल महीने से 40 लाख परिवारों को हर तिमाही मुफ्त फूड किट (भोजन किट) उपलब्ध कराई जाएगी. ये किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले गेहूं से अलग और अतिरिक्त होंगी.
परिवारों की भलाई का वादा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के किसानों ने देश को अनाज संकट से निकाला और देश का पेट भरा. आज भी राज्य में कई परिवार रोजी-रोटी के लिए संघर्ष करते हैं. इसी को ध्यान में रखकर सरकार ने ‘मेरी रसोई’ योजना शुरू की है. उन्होंने जोर दिया कि हर बच्चे को पौष्टिक भोजन मिलना सिर्फ वादा नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी है.
फूड किट में क्या-क्या होगा?
प्रत्येक फूड किट में मासिक खपत के लिए शामिल होगा:
- 2 किलो दाल
- 2 किलो चीनी
- 1 किलो नमक
- 200 ग्राम हल्दी पाउडर
- 1 लीटर सरसों का तेल
ये सभी सामग्री राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले गेहूं के अलावा अलग से दी जाएगी.
मार्कफेड होगी नोडल एजेंसी
मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्कफेड इस योजना की नोडल एजेंसी होगी. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग इन किटों को मुफ्त में सप्लाई करेगा. सरकार ने सुचारू वितरण के लिए पूरी व्यवस्था तैयार की है. अप्रैल से हर तिमाही इन किटों का वितरण शुरू होगा.गुणवत्ता पर कोई समझौता नहींमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किट में दी जाने वाली हर सामग्री की सख्त गुणवत्ता जांच होगी.
खराब गुणवत्ता या अनियमित सप्लाई की किसी भी शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं होगा.
लोक-हितैषी बजट
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार जन कल्याण योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने और ईमानदारी से चलाने में माहिर है. आने वाले बजट में भी समाज के हर वर्ग के हित में और बड़े लोक-भलाई उपाय किए जाएंगे. ‘मेरी रसोई’ योजना पंजाब सरकार की खाद्य सुरक्षा और पोषण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है.


