क्या बिजली के झटके की अफवाह से मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़? जानिए अधिकारियों ने क्या कहा
हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में बिजली का झटका लगने की अफवाह फैलते ही लोग घबरा गए और अफरातफरी मच गई, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए. स्थिति पर तुरंत काबू पाने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 35 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

Haridwar Mansa Devi Temple: हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मनसा देवी मंदिर में आज यानी रविवार की सुबह एक हादसा हो गया. मंदिर परिसर में अचानक मची भगदड़ से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. घटना के पीछे बिजली के तार में करंट फैलने की अफवाह को कारण बताया जा रहा है. सावन के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में जुटी थी, जब यह घटना घटी. इस हादसे ने न केवल श्रद्धालुओं को डर में डाल दिया, बल्कि पूरे प्रशासन और देश को भी गमगीन कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है.
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, 'हमने तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से पाया कि किसी ने बिजली के तार टूटने की अफवाह फैलाई, जबकि घायलों या मृतकों को देखने पर हमें ऐसा कोई संकेत नहीं मिला. हम जांच करेंगे कि किसने अफवाह फैलाई जिससे भगदड़ मची और कैमरों व अन्य तरीकों से जांच के लिए एक मजिस्ट्रेट जांच बैठाई जाएगी. 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.' एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि भगदड़ मंदिर मार्ग से लगभग 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर मची, जब बिजली के झटके की अफवाह फैली. भारी भीड़ और संकरे रास्ते के कारण हालात और बिगड़ते चले गए.
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पीएम मोदी के हवाले से कहा, 'उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के रास्ते में भगदड़ के कारण हुई जानमाल की हानि से गहरा दुख हुआ है. जिन परिवारों ने इस हादसे में अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.'
CM धामी लगातार निगरानी में
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे को अत्यंत दुखद बताया और फेसबुक पर लिखा, 'हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के रास्ते में भगदड़ मचने की बहुत दुखद खबर मिली है. एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं.' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं इस संबंध में स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. मैं माता रानी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं.'
श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र
हरिद्वार की शिवालिक पहाड़ियों पर 500 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित मनसा देवी मंदिर पंच तीर्थों में से एक है. मां मनसा देवी को सर्पों की देवी और मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली शक्ति के रूप में पूजा जाता है. सावन के इस पावन महीने में हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन और जल अर्पण के लिए पहुंचते हैं.


