Bihar News: अगर आप बिहार से हैं और हवाई यात्रा को लेकर सोच रहे हैं तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है. हाल ही में नई दिल्ली में एक अहम बैठक हुई, जिसमें बिहार के दो प्रमुख एयरपोर्ट – पूर्णिया और दरभंगा को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं. राज्यसभा सांसद संजय झा की अध्यक्षता में हुई इस संसदीय समिति की बैठक में ये मुद्दे खास तौर पर उठाए गए.
बैठक में संजय झा ने जोर देकर कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट को जल्द से जल्द चालू किया जाए ताकि लोगों को हवाई सफर की सुविधा मिल सके. वहीं, दरभंगा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल बनाने को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई. अगर ऐसा होता है, तो बिहार से सीधे विदेशों के लिए उड़ानें शुरू हो सकती हैं, जिससे ना सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पूरे राज्य को आर्थिक और पर्यटन के लिहाज से फायदा होगा.
बैठक में सिर्फ एयरपोर्ट खोलने की बात ही नहीं हुई बल्कि हवाई अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं को भी ध्यान में रखा गया. अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही एयरपोर्ट्स पर सस्ती कैंटीन, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और इमरजेंसी मेडिकल सुविधा जैसी चीज़ों पर काम किया जाएगा.
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर आने-जाने वाले इंटरनेशनल यात्रियों की सुरक्षा जांच को लेकर भी चर्चा हुई. बार-बार चेकिंग से यात्रियों को जो परेशानी होती है, उसे कम करने के लिए अब एक नई, आसान प्रक्रिया लागू करने की तैयारी की जा रही है.
इस अहम बैठक में नागर विमानन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, डीजीसीए, सिविल एविएशन सुरक्षा ब्यूरो और एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. सभी ने मिलकर बिहार और देश के अन्य हवाई अड्डों की हालत सुधारने और सुविधाएं बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की.
बिहार के लिए यह एक बहुत बड़ी और सकारात्मक खबर है. जहां एक तरफ पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने की उम्मीदें बढ़ी हैं, वहीं दरभंगा को इंटरनेशनल दर्जा मिलने से विदेश जाने वालों को सीधा फायदा होगा. साथ ही हवाई अड्डों पर यात्रियों की सुविधा के लिए जो कदम उठाए जा रहे हैं, वो आने वाले समय में हवाई सफर को और भी आरामदायक बना देंगे. First Updated : Saturday, 19 April 2025