आईपीएल में फ्लॉप होने के बावजूद भी रुतुराज गायकवाड़ की टीम इंडिया में वापसी, इस ट्राई सीरीज में होगी परीक्षा

IPL 2026 चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कुछ खास नहीं रहा। 5 बार की चैंपियन टीम लीग स्टेज में 14 में से सिर्फ 6 मैच ही जीत पाई। 12 अंकों के साथ CSK पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर रही।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: IPL 2026 चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कुछ खास नहीं रहा। 5 बार की चैंपियन टीम लीग स्टेज में 14 में से सिर्फ 6 मैच ही जीत पाई। 12 अंकों के साथ CSK पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर रही। हालांकि अब CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के लिए अच्छी खबर आई है। उन्हें इंडिया ए टीम में जगह मिल गई है।

रियान पराग चोटिल, रुतुराज को मौका   

BCCI ने IPL 2026 फाइनल से ठीक पहले इस बात की जानकारी दी। मेंस सेलेक्शन कमेटी ने श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए रुतुराज गायकवाड़ को इंडिया ए टीम में शामिल किया है। वो उप कप्तान रियान पराग की जगह टीम में आए हैं। रियान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अब उनके रिहैबिलिटेशन पर काम करेगा।

तिलक वर्मा करेंगे कप्तानी   

इस ट्राई सीरीज में इंडिया ए टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में होगी। वहीं रुतुराज गायकवाड़ को उप कप्तान बनाया गया है। टीम में प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय शामिल हैं।

ट्राई सीरीज का पूरा शेड्यूल   

यह ट्राई सीरीज श्रीलंका में खेली जाएगी। इसमें इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए की टीमें हिस्सा लेंगी। 9 जून को इंडिया ए का पहला मुकाबला श्रीलंका ए से होगा। 11 जून को इंडिया ए अफगानिस्तान ए से भिड़ेगी। 15 जून को फिर श्रीलंका ए से और 17 जून को अफगानिस्तान ए से मुकाबला है। फाइनल मैच 21 जून को खेला जाएगा।

IPL 2026 में कैसा रहा रुतुराज का प्रदर्शन?   

IPL के 19वें सीजन में रुतुराज गायकवाड़ का बल्ला कुछ खास नहीं चला। उन्होंने 14 मैच की 14 पारियों में 28.08 की औसत से 337 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 123.44 का रहा। पूरे सीजन में रुतुराज ने सिर्फ 2 अर्धशतक लगाए।

नाबाद 74 रन उनका इस सीजन का बेस्ट स्कोर रहा। टीम के खराब प्रदर्शन के बावजूद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि रुतुराज इस मौके को कैसे भुनाते हैं और इंडिया ए के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो