Yamuna water level: दिल्ली में यमुना नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने राजधानी के निचले इलाकों को जलमग्न कर दिया है, जिससे हजारों लोग अपने घर छोड़कर अस्थायी शेल्टरों में रहने को मजबूर हुए हैं. मजनू का टीला, मदनपुर खादर और बदरपुर जैसे क्षेत्र बाढ़ की चपेट में हैं और कई परिवार केवल बिस्किट पर गुजारा कर रहे हैं. बुधवार को यमुना ने 207 मीटर का जलस्तर पार किया, जो 1963 के बाद पांचवीं बार हुआ है. केंद्रीय जल आयोग ने चेताया कि सुबह 8 बजे तक जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच सकता है. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 7,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. मजनू का टीला निवासी तैयरा ने कहा कि महिलाओं को शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से बहुत परेशानी हो रही है. वहीं दुकानदार सचिन यादव ने बताय कि हमारा पूरा परिवार इसी पर निर्भर था, पानी कम होने में कई दिन लगेंगे और हमारी कमाई पूरी तरह ठप हो गई.