कोलकाता: सोनारपुर में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत कोलकाता के ईएम बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर बाद में उन्हें मिन्टो पार्क के दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अभिषेक के साथ मौजूद पूर्व मंत्री शोभन चट्टोपाध्याय ने बताया कि उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। उन्हें लगातार मतली भी हो रही है। डॉक्टरों की टीम जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चोट की असल गंभीरता का पता चल पाएगा।
घटना की खबर मिलते ही तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी अपने कालीघाट स्थित आवास से सीधे अस्पताल पहुंचीं। उनके साथ अभिषेक की मां लता बनर्जी भी मौजूद थीं। ममता ने पहले अस्पताल की व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अभिषेक का सही से इलाज नहीं हो रहा था। इसी वजह से उन्हें तुरंत दूसरे अस्पताल शिफ्ट कराना पड़ा। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने ममता के आरोपों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
इस घटना के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी हिंसा की कड़ी निंदा की।
केजरीवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगातार बिगड़ते हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल अभिषेक बनर्जी का इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। First Updated : Saturday, 30 May 2026