जबलपुर, मध्य प्रदेश। संजय नगर पॉवर हाउस में रहने वाली किरण कनोजिया के घर पर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार रात बम फेंक दिया। महिला ने यह आरोप लगाया। वह परिवार के साथ घटना की शिकायत दर्ज करवाने अधारताल थाने गई तो उसकी शिकायत नहीं लिखी गई। इससे नाराज होकर महिला और उसके साथ में आए लोग अधारताल चौराहे पर चक्काजाम करने लगे।
पुलिस ने देर रात सभी को हटाया। किरण का आरोप है कि थाने में मौजूद उप-निरीक्षक ने उनकी शिकायत लिखने से इंकार कर वहां भगा दिया। संजय नगर पॉवर हाउस निवासी अजय कनोजिया जेल में बंद है। उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि वे बुधवार रात में घर पर थी तभी बाइक सवार नकाबपोश युवक उनके घर पहुंचे।
कोई कुछ समझ पाता इसके पहले बदमाशों ने उनके घर के बाहर एक के बाद एक सुअर मार बम पटके और वहां से भाग निकले। जब वे अधारताल थाने पहुंची तो सब इंस्पेक्टर अनिल ने रिपोर्ट लिखने से इंकार कर दिया। थाने में सुनवाई नहीं होने के कारण महिलाओं ने अधारताल तिराहे पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया।
महिलाओं के धरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक महिलाओं को समझाने का प्रयास जारी रहा। इस संबंध में टीआई अधारताल शैलेष मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है।
खबरें और भी हैं...
First Updated : Thursday, 29 December 2022