नई दिल्ली : 11 महीने 20 दिन के बाद बुधवार को मणिपुर के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया, जब युमनम खेमचंद सिंह ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया. इसके साथ ही दो उपमुख्यमंत्री भी नियुक्त किए गए हैं, जो अलग-अलग समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हैं. नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक लोसी दिखो ने उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला, जबकि कुकी-जो समुदाय की भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस नई शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वाई खेमचंद सिंह और उनकी टीम को बधाई दी है.
13 फरवरी 2025 को लागू हुआ था राष्ट्रपति शासन
आपको बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह से कुछ घंटे पहले ही केंद्र सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर राज्य से राष्ट्रपति शासन हटाने की घोषणा की थी. जिसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 फरवरी 2025 से लागू राष्ट्रपति शासन को 4 फरवरी 2026 से तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है.
दो डिप्टी CM भी नियुक्त किए गए
दरअसल, इंफाल के 'लोक भवन' में आयोजित समारोह में राज्य की विविधता को प्राथमिकता दी गई. मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी नियुक्त किए गए हैं, जो अलग-अलग समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हैं. नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक लोसी दिखो ने उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला, जबकि कुकी-जो समुदाय की भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
इसके अलावा, भाजपा के के. गोविंददास और एनपीपी के ख. लोकेन को कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया है. इस अवसर पर सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे.
संकट के दौर से विकास की ओर बढ़ता कदम
मणिपुर के लिए यह नई सरकार एक कठिन दौर के बाद स्थिरता की उम्मीद लेकर आई है. गौरतलब है कि 3 मई 2023 को शुरू हुए संकट के बाद, पिछले साल फरवरी में एन. बीरेन सिंह को अविश्वास प्रस्ताव की आशंका के बीच इस्तीफा देना पड़ा था, जिसके बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था. अब लगभग एक साल बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बहाली हुई है.
पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस नई शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वाई खेमचंद सिंह और उनकी टीम को बधाई दी है. प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह नई कैबिनेट मणिपुर के भाई-बहनों की समृद्धि और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी.
First Updated : Wednesday, 04 February 2026