निक्की के पति का एनकाउंटर, पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था विपिन, पैर में लगी गोली

ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के मुख्य आरोपी विपिन ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी. निक्की की हत्या और दहेज उत्पीड़न के इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, जहां परिजनों ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

calender

Greater Noida murder case: दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार विपिन ने शनिवार को पुलिस कस्टडी से फरार होने की कोशिश की. इस दौरान ग्रेटर नोएडा पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वो घायल हो गया. विपिन अपनी पत्नी निक्की की निर्मम हत्या का मुख्य आरोपी है, जिसे उसके ससुराल वालों ने जिंदा जलाकर मार डाला था.

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय विपिन को जांच के लिए उस जगह ले जाया जा रहा था, जहां से उसने थिनर खरीदा था. रास्ते में उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और फिर मौके से भाग खड़ा हुआ. कई बार चेतावनी देने के बावजूद वो नहीं रुका, जिसके बाद पुलिस ने गोली चला दी और उसकी टांग में गोली लग गई.

निक्की के पिता का बयान

एनकाउंटर के बाद निक्की के पिता ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने बिल्कुल सही किया. अपराधी हमेशा भागने की कोशिश करता है और विपिन अपराधी था. हमारी मांग है कि बाकी आरोपियों को भी पकड़ा जाए.

दिल दहला देने वाली वारदात

लगभग 30 साल की उम्र की निक्की को उनके ससुराल वालों ने बेरहमी से टॉर्चर किया और फिर जिंदा जला दिया. ये सब उनके छोटे बेटे और बहन के सामने हुआ. निक्की के मासूम बेटे ने बताया कि मेरी मम्मा के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको चांटा मारा और लाइटर से आग लगा दी.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो क्लिप्स में देखा जा सकता है कि निक्की को बुरी तरह पीटा गया, बालों से घसीटा गया और फिर आग लगाने के बाद वो लहूलुहान हालत में सीढ़ियों से नीचे उतर रही थीं.

दहेज की मांगें और लगातार उत्पीड़न

निक्की के पिता ने आरोप लगाया कि बार-बार दहेज की मांगें पूरी करने के बावजूद उनकी बेटी को सताया जाता रहा. उन्होंने कहा कि पहले दहेज में स्कॉर्पियो मांगी गई, जिसे हमने दे दिया. फिर बुलेट बाइक मांगी गई, वो भी दी. इसके बावजूद मेरी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया.

निक्की के पिता पहले ही साफ कर चुके थे कि अगर कड़े कदम नहीं उठाए गए तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे. उन्होंने कहा था कि उन्होंने मेरी बड़ी बेटी को मार दिया. आरोपियों को एनकाउंटर के बाद ही गिरफ्तार करना चाहिए. यह योगी जी की सरकार है, आरोपियों पर बुलडोजर चलना चाहिए. वरना हम भूख हड़ताल करेंगे.

First Updated : Sunday, 24 August 2025