दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न, आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में मौसम अचानक बदला, तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है. मौसम विभाग और NDMA ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. हालांकि इस बदलाव से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया. सुबह जहां तेज धूप और सामान्य गर्मी का एहसास था. वहीं, दोपहर तक हालात पूरी तरह बदल गए. आसमान में बादल छाने लगे और तेज हवाएं चलने लगीं. मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए राजधानी के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

धूल भरी आंधी आने की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी आने की संभावना है, जिसके बाद हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है और कुछ जगहों पर यह 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है. तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के तारों को नुकसान और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

राजधानी के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑरेंज अलर्ट’ का अर्थ है कि लोग खराब मौसम के लिए पहले से तैयार रहें और गैर-जरूरी यात्रा से बचें.

NDMA का सतर्क करने के लिए संदेश जारी

इसी बीच, नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने भी लोगों को सतर्क करने के लिए संदेश जारी किया है. इसमें बताया गया है कि अगले तीन घंटों के भीतर कुछ स्थानों पर मध्यम तीव्रता का तूफान आ सकता है, जिसमें तेज सतही हवाएं, हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जिससे नुकसान की आशंका बनी हुई है.

हालांकि, मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है. सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा. शहर के विभिन्न इलाकों में तापमान में मामूली अंतर देखने को मिला. सफदरजंग में 20.4 डिग्री, पालम में 21 डिग्री, लोधी रोड पर 19.4 डिग्री और रिज क्षेत्र में 19.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं, आयानगर में न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहा.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो