पंजाब में ‘महिला उद्यमी सम्मान’ को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, 28 हजार से ज्यादा नामांकन

महिला दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार के ‘महिला उद्यमी सम्मान कार्यक्रम’ को राज्य भर की महिलाओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और 28 हजार से ज्यादा नामांकन प्राप्त हुए हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा शुरू किया गया ‘महिला उद्यमी सम्मान कार्यक्रम’ राज्य भर में महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिला उद्यमशीलता को बढ़ावा देना और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस कार्यक्रम के जरिए उन महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपने दम पर कारोबार या स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.

अभियान का पहला चरण कब?

इस अभियान का पहला चरण 2 मार्च से 6 मार्च के बीच पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया गया. इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवसाय, घरेलू उद्योग और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को उनकी मेहनत और योगदान के लिए सम्मानित किया गया. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में गांवों और शहरों से जुड़ी करीब 100 महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों के लिए पहचान दी गई.

सरकार की इस पहल को महिलाओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. ‘पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन’ के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अब तक 28 हजार से अधिक महिलाओं ने नामांकन किया है. इतनी बड़ी संख्या में आए आवेदन यह दर्शाते हैं कि राज्य में महिलाएं तेजी से उद्यमशीलता की ओर बढ़ रही हैं और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में कदम उठा रही हैं.

अब तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सम्मान समारोह सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय के लोगों की मौजूदगी में महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अगले चरण में जिला और राज्य स्तर के आयोजन किए जाएंगे. इन समारोहों में छोटे व्यापार, कृषि आधारित गतिविधियों, घरेलू उद्योग और सेवा क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं की उपलब्धियों को सामने लाया जाएगा.

11,700 महिला उद्यमियों को दिया जा चुका सम्मान

इस कार्यक्रम के तहत पुरस्कार प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जा रही है. विधानसभा स्तर पर लगभग 11,700 महिला उद्यमियों को सम्मान दिया जा चुका है. इसके बाद 23 जिलों में से कुल 2,300 महिलाओं को जिला स्तर पर चयनित किया जाएगा. हर जिले से 100 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य और उद्यमशीलता के लिए सम्मानित किया जाएगा.

कार्यक्रम का अंतिम चरण 18 मार्च को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के रूप में होगा. इस कार्यक्रम में पूरे पंजाब से चुनी गई 100 सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री भगवंत मान सम्मानित करेंगे. इन सभी महिलाओं को उनकी उपलब्धियों के लिए 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा.

क्या है सरकार का लक्ष्य? 

पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर पूरे महीने महिला सशक्तिकरण के रूप में मनाने की योजना पर काम कर रही है. ‘महिला उद्यमी सम्मान कार्यक्रम’ जैसी पहल के माध्यम से सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को व्यवसाय और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करना है, ताकि वे न केवल खुद आत्मनिर्भर बनें बल्कि अपने समाज और समुदाय में आर्थिक बदलाव की अग्रणी बन सकें.

सरकार की इस पहल को राज्य में व्यापक सराहना मिल रही है और इसे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag