बांग्लादेशी एयर फोर्स पायलटों को पाकिस्तान देगा ट्रेनिंग, क्या भारत को चारों तरफ घेरने का है प्लान?

बांग्लादेश सेना ढाका छावनी में स्थित तीन मंजिला कन्वेंशन सेंटर की छत पर ड्रोन डिटेक्शन और जैमिंग उपकरण लगाने की तैयारी में है। फिलहाल ढाका छावनी या कन्वेंशन सेंटर को कोई सीधा खतरा नहीं है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सैन्य रिश्ते तेजी से मजबूत हो रहे हैं। बांग्लादेश एयर फोर्स जल्द पाकिस्तान के साथ एक समझौता ज्ञापन यानी MoU साइन करने जा रही है। इसके तहत पाकिस्तान अब बांग्लादेशी पायलटों और टेक्नीशियनों को ट्रेनिंग देगा।

वहीं चीन भी बांग्लादेश की मदद कर रहा है। यह सब घटनाक्रम भारत के लिए टेंशन बढ़ाने वाला है। हो सकता है कि पाकिस्तान या फिर चीन मिलकर भारत को चारों तरफ से घेरने की योजना के तहत ही बांग्लादेश को इस प्रकार से सपोर्ट कर रहे हैं।

ढाका छावनी में लगेगा एंटी-ड्रोन सिस्टम 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बांग्लादेश सेना ढाका छावनी में स्थित तीन मंजिला कन्वेंशन सेंटर की छत पर ड्रोन डिटेक्शन और जैमिंग उपकरण लगाने की तैयारी में है। फिलहाल ढाका छावनी या कन्वेंशन सेंटर को कोई सीधा खतरा नहीं है। फिर भी सेना ने सतर्कता बढ़ा दी है।

चीनी एक्सपर्ट ने दी ड्रोन रोकने की ट्रेनिंग   

पिछले हफ्ते 27 अप्रैल 2026 को चीन के तीन विशेषज्ञ ढाका पहुंचे थे। उन्होंने बांग्लादेश के करीब 20 अफसरों और सैनिकों को C-UAS और C-UAV सिस्टम पर ट्रेनिंग दी। ये सिस्टम दुश्मन के ड्रोन को पकड़ने, ट्रैक करने और निष्क्रिय करने के लिए बनाए गए हैं। इन एंटी-ड्रोन सिस्टम में रडार, रेडियो फ्रीक्वेंसी स्कैनर और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल कैमरे जैसी लेयर्ड तकनीक इस्तेमाल होती है।

पाकिस्तान से ट्रेनिंग लेना होगा BAF का फोकस 

जहां बांग्लादेश सेना चीन के साथ काम कर रही है, वहीं बांग्लादेश एयर फोर्स पाकिस्तान एयर फोर्स के साथ जॉइंट ट्रेनिंग प्रोग्राम पर फोकस कर रही है। BAF अपने रिसर्च और डेवलपमेंट विंग को भी दोबारा एक्टिव करने में जुटी है। दोनों देशों के बीच ये जॉइंट ट्रेनिंग रक्षा साझेदारी को नया आयाम देने, सैन्य रिश्ते गहरे करने और मल्टी-डायमेंशनल ट्रेनिंग ढांचा तैयार करने की कोशिश मानी जा रही है।

यूनुस सरकार से शुरू हुई थी पाकिस्तान से नजदीकी   

गौरतलब है कि पाकिस्तान के साथ रिश्तों में सुधार की शुरुआत मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के वक्त हुई थी। तब दोनों देशों के बड़े सैन्य अफसरों ने एक-दूसरे का दौरा किया था। 12 फरवरी को चुनाव के बाद ढाका में BNP की सरकार आई। लेकिन बांग्लादेश की रक्षा सेना अब भी पाकिस्तान के साथ रक्षा सहयोग बढ़ा रही है।

बांग्लादेशी फैक्ट्री में पाक अफसरों का दौरा   

प्राप्त जानकारियों के अनुसार हाल ही में 30 अप्रैल को पाकिस्तानी सेना के अफसरों का एक दल गाजीपुर स्थित बांग्लादेश मशीन टूल्स फैक्ट्री लिमिटेड पहुंचा। यह सरकारी कंपनी है जिसे सेना चलाती है। पाक अफसरों ने फैक्ट्री की प्रोडक्शन प्रोसेस देखी और सहयोग पर बात की। बांग्लादेश का चीन और पाकिस्तान दोनों के साथ बढ़ता सैन्य तालमेल भारत के लिए रणनीतिक चिंता का सबब बन रहा है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो