छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दुखद विमान हादसे की खबर सामने आई है, जहां नारायणपुर क्षेत्र के रतनपहली जंगल में एक छोटा एयरक्राफ्ट पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में पायलट और सह-पायलट दोनों की मौत हो गई.
यह घटना खुरासागढ़ा गांव के समीप उस समय हुई, जब राहत और बचाव कार्य के दौरान विमान जंगल के ऊपर उड़ान भर रहा था. हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत रेस्क्यू टीमों को मौके पर रवाना किया गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह एयरक्राफ्ट जमीन से लगभग 30 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ने के कारण यह पेड़ों से टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जशपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वे स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है. पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता अमरजीत भगत ने इस हादसे को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि कई परिवारों की भावनाओं और उम्मीदों से जुड़ा मामला है. First Updated : Monday, 20 April 2026