पंजाब में पूर्व RSS के बेटे Naveen Arora की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या. CCTV में कैद हुआ मामला
फिरोजपुर पुलिस के अनुसार, अरोड़ा अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, ताकि अपने बच्चों के साथ कुछ प्यार भरा वक्त बिता सकें. लेकिन भदौरा वाला मोहल्ले के पास अचानक हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. मौके पर ही उनकी जान चली गई.

फिरोजपुर: फिरोजपुर में रविवार शाम को 40 वर्षीय नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. नवीन के दादा, दीनानाथ अरोड़ा, पूर्व में फिरोजपुर शहर में आरएसएस के प्रमुख रह चुके थे, जबकि उनके पिता और स्वयं नवीन भी संगठन से जुड़े रहे. पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने उन्हें उनके घर लौटते समय गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.नवीन अरोड़ा अपनी दुकान बंद कर बच्चों के साथ समय बिताने के लिए घर जा रहे थे. इस हत्या की घटना ने इलाके में भय और गुस्से का माहौल बना दिया. परिजनों और व्यापारियों ने मौके पर इकट्ठा होकर घटना की जमकर निंदा की.
पूरी घटना
पुलिस के अनुसार, नवीन अरोड़ा बुधवारा वाला मोहल्ला के पास घर लौट रहे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर गोली चला दी. SSP फिरोजपुर भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि नवीन घर जा रहे थे, तभी दो अज्ञात लोगों ने उन पर गोली चलाई. हमारी टीम जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी स्कैन की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज में दो पुरुष फायरिंग के बाद भागते हुए दिखाई दिए. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है.
पुलिस और नेताओं की प्रतिक्रिया
SSP भूपिंदर सिंह और विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने घटना स्थल का दौरा किया और कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. SSP ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
परिवार और व्यापारियों का गुस्सा
नवीन अरोड़ा के पिता बलदेव अरोड़ा ने बताया कि नवीन रोज अपने बच्चों के साथ समय बिताने के लिए घर लौटते थे. सिर्फ पांच मिनट बाद कुछ लड़कों ने आकर बताया कि किसी ने मेरे बेटे को गोली मार दी. व्यापारी संघ के अध्यक्ष अश्विनी मेहता और अन्य रिश्तेदारों ने भी कहा कि नवीन दुकान बंद कर घर लौट रहे थे और हमलावरों ने उन पर गोली चलाई. उन्होंने पुलिस से शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
राजनीतिक प्रतिक्रिया
BJP नेता सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल ने इस घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा- 'मैं इन डरपोक, गटर-बॉर्न अपराधियों की निंदा करता हूं जिन्होंने फिरोजपुर की मोची बाजार में दिनदहाड़े गोली चला कर वरिष्ठ आरएसएस नेता बलदेव राज अरोड़ा के पुत्र नवीन अरोड़ा की हत्या की.' ग्रेवाल ने कहा कि हमलावरों ने मेहनती दुकानदार पर गोलियां बरसाकर बाजार में दहशत फैलाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने को कहा. पुलिस ने कहा कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.


