मतगणना में की गड़बड़ी तो भुगतना होगा अंजाम, तेजस्वी यादव ने काउंटिंग अधिकारियों को दी चेतावनी
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले तेजस्वी यादव ने मतगणना अधिकारियों को निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी गड़बड़ी न करने की चेतावनी दी. महागठबंधन के कार्यकर्ता केंद्रों पर निगरानी कर रहे हैं, जबकि प्रेस कॉन्फ्रेंस में समर्थन जताया गया.

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से कुछ ही घंटे पहले महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने मतगणना में लगे अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है. उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन स्पष्ट बहुमत के साथ चुनाव जीत रहा है और मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. राज्य के विभिन्न जिलों में राजद, कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ता मतगणना केंद्रों में निगरानी कर रहे हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर कोई प्रशासनिक अधिकारी 2020 के चुनाव जैसी गलतियां दोहराता है, तो इसका जवाब भुगतना पड़ेगा. उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ काम करें. उन्होंने कहा कि जो अधिकारी निष्पक्ष रूप से काम करेंगे, उन्हें किसी भी प्रकार का डर नहीं होना चाहिए. लेकिन जो अपने राजनीतिक इशारों पर काम करेंगे और सीमा पार करेंगे, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
मतगणना पर विशेष ध्यान
महागठबंधन के नेता ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों को पटना और दिल्ली से फोन पर निर्देश मिल रहे हैं. उनका कहना था कि इन निर्देशों के तहत काउंटिंग धीमी कराई जा रही है, विशेषकर उन सीटों पर जहाँ महागठबंधन बढ़त बनाए हुए है. वहीं, जिन सीटों पर एनडीए का जीत का अनुमान है, उनके परिणाम जल्दी घोषित किए जा रहे हैं. तेजस्वी ने इसे चुनाव प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप करार दिया.
उन्होंने मीडिया को बताया कि पिछली बार क्या हुआ, वह हम सब जानते हैं. सभी अधिकारियों से निवेदन है कि निष्पक्ष तरीके से मतगणना करें. जनता ने जो अपना मत दिया है, उसके साथ न्याय होना चाहिए. भाजपा के समर्थक यह प्रोपगैंडा फैला रहे हैं कि वे जीत रहे हैं, लेकिन असलियत में उनके लोग डर के साये में हैं. उनकी सरकार जाने वाली है.
महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस
गुरुवार शाम पटना में महागठबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. इसमें कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआई माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया. उन्होंने तेजस्वी यादव के बयानों का समर्थन किया और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने की अपील की.
तेजस्वी ने कहा कि जनता अपने मत से फैसला कर चुकी है और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे उसे सही रूप में लागू करें. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अन्याय का जवाब जनता खुद देगी.


