उत्तर प्रदेश के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसका सीसीटीवी फुटेज रोंगटे खड़े कर देने वाला है. गुरुवार को दिल्ली से बेगूसराय जा रही एक स्कॉर्पियो कार का टायर फट गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद, गाड़ी फुटबॉल की तरह कम से कम 6 बार पलटी खाने के बाद डिवाइडर पर जाकर रुकी.
इस हादसे में कार में सवार 7 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे. हालांकि, किसी की जान नहीं गई. सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. घायलों में मुकेश, रुपेश, उनकी पत्नी रंजन और उनके चार बच्चे - रितिका, रिया, ऋद्धि और ऋषभ शामिल हैं.
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की 'रोड एक्सीडेंट्स इन इंडिया-2022' रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में भारत में प्रतिदिन औसतन 462 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हुई. इस दौरान हर दिन 1,264 सड़क हादसे दर्ज किए गए. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2022 में कुल 4.61 लाख सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें 1.68 लाख लोगों की जान गई और 4.43 लाख लोग घायल हुए. यह पिछले साल की तुलना में दुर्घटनाओं में 11.9%, मौतों में 9.4% और घायलों की संख्या में 15.3% की वृद्धि दर्शाता है. राज्यों के आंकड़ों पर नजर डालें तो तमिलनाडु में सबसे अधिक 64,105 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जबकि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 22,595 मौतें दर्ज की गई. First Updated : Monday, 10 February 2025