उत्तर प्रदेश में इस बार मई का महीना तपती गर्मी नहीं, बल्कि बारिश और आंधी-तूफान लेकर आया है. मौसम विभाग ने प्रदेशभर में अगले कुछ दिनों तक लगातार मौसम में बदलाव की चेतावनी दी है. 30 मई से 4 जून तक यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अनुमान है. कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिसके चलते लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है.
गुरुवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम अचानक सुहाना हो गया. कई इलाकों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज की गई. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में ज़्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बारिश और हवाएं गर्मी से राहत जरूर देंगी.
30 मई को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर में झमाझम बारिश के आसार हैं. वहीं बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बुलंदशहर, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और एक-दो जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में तेज आंधी-तूफान के साथ कई स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन 4 जून तक रुक-रुक कर बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा. इस बीच लोगों को खुले में न जाने, बिजली गिरने से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों या खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है. First Updated : Friday, 30 May 2025