UP News: नोएडा पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने भारतीय तटरक्षक बल (ICG) की भर्ती वेबसाइट की नकल कर फर्जी वेबसाइट बना डाली और लोगों को ठगने की कोशिश की. इंडिया डेली के रिपोर्टर संतोष पाठक के अनुसार आरोपी गौरव सिंह खुद तटरक्षक बल में भर्ती होना चाहता था, लेकिन बार-बार असफल होने के बाद उसने धोखाधड़ी का रास्ता चुन लिया.
भारतीय तटरक्षक बल को जब इस फर्जी वेबसाइट की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम सेल, थाना सेक्टर-58, नोएडा को इसकी सूचना दी. जांच के दौरान पता चला कि एक फर्जी वेबसाइट बनाई गई है, जो असली भर्ती वेबसाइट की हूबहू कॉपी थी. जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव सिंह ने अपनी ई-मेल आईडी gouravsingh2333@gmail-com और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर यह वेबसाइट बनाई थी. उसने असली वेबसाइट https://joinindiancoastguard-cdac-in/ की नकल करते हुए एक फर्जी वेबसाइट https://joinindiancoastguard-cdac-co-in/ तैयार की थी.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद भारतीय तटरक्षक बल में भर्ती होना चाहता था. उसने कई बार परीक्षा दी, लेकिन सफल नहीं हो पाया. जब उसकी उम्र निकल गई और भर्ती की कोई संभावना नहीं बची, तो उसने यह ठगी करने की योजना बनाई. आरोपी ने वेबसाइट तैयार कर उसे ऑनलाइन किया, लेकिन कुछ ही दिनों में यह साइट बंद हो गई. इसी बीच पुलिस को इस फर्जीवाड़े का पता चल गया और उसे पकड़ लिया गया.
नोएडा पुलिस की साइबर टीम और थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मिलकर आरोपी को हिरासत में ले लिया. उसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी:
अगर आप किसी सरकारी भर्ती के लिए आवेदन कर रहे हैं, तो हमेशा आधिकारिक वेबसाइट से ही फॉर्म भरें. इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर भरोसा न करें. किसी भी तरह की जानकारी को क्रॉस-चेक करें और संदेह होने पर तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को सूचित करें.
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें! First Updated : Monday, 17 March 2025