नोएडा के सेक्टर 16 कार मार्केट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार काली थार SUV गलत दिशा में दौड़ते हुए कई खड़ी गाड़ियों और दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए निकल गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
मामला सोमवार का बताया जा रहा है, जब नोएडा के सेक्टर 16 की व्यस्त कार मार्केट में अचानक एक SUV गलत दिशा में घुस गई. वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार गाड़ी खड़ी बाइक्स और स्कूटरों को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल जाती है.
वीडियो में यह भी नजर आता है कि जैसे ही SUV बेकाबू होकर सड़क पर दौड़ती है, वहां मौजूद लोग डरकर भागने लगते हैं. इस दौरान गाड़ी एक बड़े साइनबोर्ड से भी टकराती है, जिससे बोर्ड सड़क पर गिर जाता है. इसके बाद गाड़ी तेजी से फरार हो जाती है.
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. लोग इस घटना पर नाराजगी जता रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. First Updated : Wednesday, 12 March 2025