दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बड़ा हादसा, NIA के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की मौत; महिला साथी घायल

मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक कंटेनर से टकरा गई, जिसमें एनआईए के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की मौत हो गई. हादसे में उनके साथ मौजूद महिला घायल हो गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Sonee Srivastav

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एनआईए के डिप्टी एसपी की जान चली गई. हादसा दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटघर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे.

हादसे में एनआईए अधिकारी ईशान मेहरा की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला साथी भी घायल हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ईशान मेहरा को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पुलिस विभाग और परिवार में शोक का माहौल है.

मोहाली के रहने वाले थे ईशान मेहरा

पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय ईशान मेहरा पंजाब के मोहाली के रहने वाले थे और दिल्ली स्थित एनआईए ऑफिस में डिप्टी एसपी के पद पर तैनात थे. बताया जा रहा है कि वह अपनी महिला मित्र पूनम के साथ बाइक से दिल्ली से बाजपुर जा रहे थे. रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी बाइक मुरादाबाद के देवापुर गांव के पास हाईवे से गुजर रही थी, तभी यह हादसा हो गया.

कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार बाइक

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक काफी तेज गति में थी और आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने कंटेनर चालक और हादसे के अन्य कारणों की जांच शुरू कर दी है.

गंगा एक्सप्रेसवे पर भी बढ़ रहे हादसे

इधर, गंगा एक्सप्रेसवे पर भी लगातार सड़क हादसे चिंता का कारण बनते जा रहे हैं. मेरठ से प्रयागराज तक बने इस एक्सप्रेसवे को शुरू हुए अभी एक महीना ही हुआ है, लेकिन इस दौरान 15 से ज्यादा बड़े हादसे सामने आ चुके हैं. इन दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था. इसे आधुनिक तकनीक और बेहतर सुरक्षा सुविधाओं से लैस बताया गया था, लेकिन लगातार हो रहे हादसों ने सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस और प्रशासन अब हादसों के कारणों की जांच में जुटे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो