विशाखापत्तनम में श्रद्धा वाकर जैसा एक और हत्याकांड... फ्रिज में मिले मोनिका के टुकड़े, पुलिस तलाश रही सिर
विशाखापत्तनम में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए. कुछ हिस्से फ्रिज में मिले, जबकि बाकी ठिकाने लगा दिए गए. आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर घटना कबूल कर ली.

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर लोगों को श्रद्धा वाकर हत्याकांड की याद दिला दी है. यहां एक युवक पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शव के टुकड़े करने का आरोप लगा है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सीएच रविंद्र के रूप में हुई है, जो भारतीय नौसेना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. वहीं, मृतका का नाम मोनिका है, जिसकी उम्र 28 वर्ष थी. घटना विशाखापत्तनम के एलवी नगर इलाके में हुई, जहां आरोपी रहता था. बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच रिश्ते भी थे. हालांकि, आरोपी पहले से शादीशुदा था, जिसके बावजूद उसका यह संबंध जारी था.
शादी के बावजूद चल रहा था संबंध
जांच में सामने आया है कि रविंद्र की पत्नी कुछ समय पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी. इसी बीच उसने मोनिका को अपने घर बुलाया. 29 मार्च को दोनों घर में साथ थे और कुछ समय तक सामान्य बातचीत भी हुई. लेकिन अचानक दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. फिलहाल इस विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसी झगड़े ने इस घटना को जन्म दिया.
गुस्से में की गई हत्या
प्राथमिक जांच के अनुसार, बहस के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर मोनिका की हत्या कर दी. इसके बाद उसने अपराध को छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर दिए. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कुछ हिस्सों को बैग में भरकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया, जबकि कुछ टुकड़े उसने घर में मौजूद फ्रिज में रख दिए. यह तरीका पहले सामने आए कुछ चर्चित मामलों से मिलता-जुलता माना जा रहा है.
पुलिस के सामने किया सरेंडर
घटना के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी. उसकी स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस टीम तुरंत उसके घर पहुंची और तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर से महिला के शरीर के कुछ हिस्से बरामद किए गए. हालांकि, अभी भी सिर और कुछ अंग गायब बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने उन्हें कहीं और फेंक दिया है.
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. हत्या की असली वजह, घटना का सटीक समय और आरोपी की मानसिक स्थिति जैसे कई पहलुओं को समझने की कोशिश की जा रही है.
क्या था श्रद्धा वाकर हत्याकांड?
बता दें कि 18 मई 2022 को दिल्ली में रहने वाली 27 वर्षीय श्रद्धा वाकर की उसके प्रेमी और लिव-इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला ने हत्या कर दी थी. आफताब ने श्रद्धा का गला घोंट उसकी हत्या कर दी थी. इसके बाद कथित तौर पर उसके शरीर को 35 टुकड़े करके कुछ टुकड़ों को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया और बचे हुए टुकड़ों को तीन हफ्तों तक फ्रिज में रखा.


