महाराष्ट्र में बस और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, शादी समारोह से वापस आ रहे 6 लोगों की मौके पर मौत

महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में चामोरशी रोड पर एक भीषण सड़क दुर्घटना ने सबको हिलाकर रख दिया. शादी से लौट रही स्कॉर्पियो को सामने से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. चामोरशी रोड पर शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो कार में बस की जोरदार टक्कर हो गई. इस भयावह हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.स्कॉर्पियो में कुल 16 यात्री सवार थे, जो रामपुर से भदभिड़ी मोकासा जा रहे थे. गढ़चिरोली-चामोरशी मार्ग पर तलोधी (मोकासा) गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर यह दुर्घटना हुई.

पूरा मामला

विपरीत दिशा से आ रही एक यात्री बस ने स्कॉर्पियो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

घायलों का हाल

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को गढ़चिरोली जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दो लोगों की मौत हो गई. अभी भी कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है. घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.

स्थानीय लोगों की मदद

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की. कई घायल वाहन के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने में काफी प्रयास करना पड़ा. पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया है और मृतकों के परिवार गहरे दुख में डूबे हुए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो