Tej Pratap Yadav News : बिहार की राजनीति में एक बार फिर पारिवारिक तनाव खुलकर सामने आ गया है. इस बार यह तनाव राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर ही दो भाइयों तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के बीच देखने को मिला है. मामला उस समय सामने आया जब तेज प्रताप यादव अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ राहत सामग्री बांटने पहुंचे.
लालू स्टाइल में जनता से संवाद, भाई पर कटाक्ष
नाव पर सवार होकर राहत सामग्री बांटते हुए तेज प्रताप यादव ने माइक थामा और लालू प्रसाद यादव के पुराने अंदाज में लोगों से बात की. उन्होंने कहा, "आप शांत रहिए… कैसे बांटना है हम बांट रहे हैं न. सरकार आपकी मदद नहीं कर रही है, लेकिन मैं बांट रहा हूं. सरकार आपका फेल है और विधायक भी आपका फेल है… नाच रहा है, गा रहा है…" यह बयान साफ तौर पर तेजस्वी यादव की ओर इशारा करता था, जिनकी अनुपस्थिति को उन्होंने मुद्दा बना दिया.
तेज प्रताप ने तेजस्वी पर खड़े किए सवाल
जब तेज प्रताप बाढ़ग्रस्त इलाके में राहत सामग्री बांट रहे थे, उसी समय तेजस्वी यादव अपने क्षेत्र से नदारद थे. यही वजह रही कि तेज प्रताप ने न केवल जनता की सहानुभूति बटोरी, बल्कि अपने भाई की जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़े किए. यह एक सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है जिसमें वे खुद को जनता के नेता और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में प्रस्तुत करना चाह रहे हैं.
राजनीति में वापसी कर रहे तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव, जो अब RJD और परिवार दोनों से किनारे नजर आते हैं, इस अवसर को अपनी राजनीतिक पुनर्स्थापना के रूप में देख रहे हैं. उनका यह बयान सिर्फ पारिवारिक टकराव नहीं है, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक संकेत है कि वे अब फिर से सक्रिय राजनीति में वापसी का प्रयास कर रहे हैं.
NDA को मिला मुद्दा, विपक्ष पर हमला तेज
तेज प्रताप के इस बयान के बाद NDA को एक बार फिर से RJD और विपक्ष पर हमला करने का मौका मिल गया है. बीजेपी और जेडीयू अब यह सवाल खड़े कर रहे हैं कि "जो पार्टी अपने परिवार को एकजुट नहीं रख सकती, वह राज्य कैसे चलाएगी?" तेजस्वी यादव की युवा और शहरी छवि को इस विवाद से झटका लग सकता है, क्योंकि अब उन्हें विपक्ष के साथ-साथ घर के भीतर की राजनीति का भी सामना करना पड़ेगा.
First Updated : Wednesday, 10 September 2025