नई दिल्ली: टेक कंपनी ऐपल जल्द ही अपना बड़ा इवेंट वर्ल्डवाइड डेवलपर कॉन्फ्रेंस 2026 (WWDC 2026) आयोजित करने जा रही है. इस इवेंट में कंपनी कई नए सॉफ्टवेयर अपडेट्स और AI फीचर्स से पर्दा उठाएगी. सबसे ज्यादा चर्चा iOS 27 को लेकर है, जिसे लेकर आईफोन यूजर्स काफी उत्साहित हैं. इसके साथ ही कई पुराने iPhone मॉडल्स से सपोर्ट हटाए जाने की भी खबर सामने आ रही है.
WWDC 2026 की शुरुआत भारतीय समयानुसार सोमवार रात 10:30 बजे होगी. इस दौरान कंपनी iPhone, iPad, MacBook और Apple Watch के लिए नए ऑपरेटिंग सिस्टम लॉन्च करेगी. इनमें iOS 27, iPadOS 27, macOS 27 और watchOS 27 शामिल होंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार कंपनी का पूरा फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI फीचर्स पर रहेगा. यूजर्स को स्मार्ट और ज्यादा पर्सनल अनुभव देने के लिए कई नए बदलाव किए जा सकते हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार, iOS 27 में Siri को पहले से ज्यादा स्मार्ट और नेचुरल बनाया जा सकता है. सीरी अब चैटजीपीटी की तरह बातचीत करने में सक्षम हो सकती है. इसके अलावा कैमरा, फोटोज, वॉलेट और शॉर्टकट्स जैसे ऐप्स में AI इंटीग्रेशन देखने को मिल सकता है. यूजर्स को AI बेस्ड फोटो एडिटिंग और स्मार्ट राइटिंग असिस्टेंस जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं.
रिपोर्ट्स की मानें तो iOS 27 में कैमरा ऐप को बड़ा अपडेट मिलेगा. इसमें सीरी-पावर्ड कैमरा मोड जोड़ा जा सकता है. प्रोफेशनल फोटोग्राफी करने वाले यूजर्स के लिए ज्यादा कस्टमाइजेशन ऑप्शन दिए जाएंगे. AI की मदद से फोटो का बैकग्राउंड बदलना और एडिटिंग करना भी आसान हो सकता है. इससे कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया यूजर्स को काफी फायदा मिलेगा.
जानकारी के मुताबिक, iOS 27 का डेवलपर बीटा इवेंट के तुरंत बाद जारी किया जा सकता है. वहीं, इसका पब्लिक बीटा जुलाई में आने की उम्मीद है. कंपनी सितंबर 2026 में इसका फाइनल वर्जन रोलआउट कर सकती है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, iOS 27 का सपोर्ट केवल iPhone 12 और उसके बाद लॉन्च हुए मॉडल्स को मिल सकता है. अगर ऐसा होता है तो iPhone 11, iPhone 11 Pro, iPhone 11 Pro Max और iPhone SE 2nd Gen जैसे मॉडल्स को नया अपडेट नहीं मिलेगा. हालांकि, कंपनी ने अभी तक सपोर्टेड डिवाइसेज की आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है. First Updated : Monday, 08 June 2026