बिना ऑर्डर 100 से ज्यादा Amazon पार्सल! रहस्यमयी डिलीवरी से परेशान बुजुर्ग महिला
अमेरिका की 79 वर्षीय पैट हर्ली के घर बिना ऑर्डर किए 100 से ज्यादा ऐमेजॉन पार्सल पहुंच चुके हैं. न उनका कोई अकाउंट है और न उन्होंने कुछ मंगाया. लगातार डिलीवरी से परेशान महिला के मामले में कंपनी ने जांच शुरू की है.

अमेरिका में रहने वाली 79 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला इन दिनों ऐसी परेशानी से जूझ रही हैं, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. बिना कुछ मंगाए उनके घर पर एक के बाद एक ऐमेजॉन के पार्सल पहुंच रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि उन्होंने न तो कोई ऑर्डर किया और न ही उनका ऐमेजॉन पर कोई अकाउंट है. इसके बावजूद उनके घर 100 से ज्यादा पैकेज डिलीवर हो चुके हैं.
इस बुजुर्ग महिला का नाम पैट हर्ली है. वह अमेरिका में रहती हैं और दिव्यांग हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके घर पर पिछले साल की गर्मियों से लगातार ऐमेजॉन के बॉक्स पहुंच रहे हैं. शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई साधारण गलती होगी, लेकिन जब पार्सल आने का सिलसिला रुका ही नहीं, तब उन्हें समझ आया कि मामला कुछ अलग है.
सही पता, लेकिन अनजान नाम
सबसे अजीब बात यह है कि हर पैकेज पर घर का पता बिल्कुल सही लिखा होता है, लेकिन जिस व्यक्ति के नाम से पार्सल आता है, वह नाम उनके लिए पूरी तरह अनजान है. पैट हर्ली का कहना है कि उनके आसपास उस नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता. हर बार एक ही नाम के साथ पैकेज आता है, जिससे उनकी उलझन और बढ़ गई है.
शुरुआत में उन्होंने सोचा कि एक-दो बार की गलती होगी, लेकिन जब बॉक्स की संख्या बढ़ती गई तो परेशानी भी बढ़ने लगी. कई बार तो इतने ज्यादा पार्सल आ जाते हैं कि उनके घर का दरवाजा तक बंद हो जाता है. दिव्यांग होने की वजह से उनके लिए भारी बॉक्स हटाना आसान नहीं है. उन्हें काफी मेहनत से पार्सलों को एक जगह से दूसरी जगह रखना पड़ता है.
कंपनी ने मानी गलती, शुरू की जांच
जब यह मामला सामने आया तो ऐमेजॉन ने इस पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी ने पैट हर्ली से माफी मांगी है और पूरे मामले की जांच शुरू करने की बात कही है. ऐमेजॉन यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बिना ऑर्डर के इतनी बड़ी संख्या में पार्सल एक ही पते पर कैसे पहुंच रहे हैं.
सामान्य जीवन की उम्मीद
लगातार आ रहे अनचाहे पार्सल ने पैट हर्ली की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित किया है. अब उन्हें उम्मीद है कि कंपनी की जांच के बाद यह सिलसिला बंद होगा और उनका घर फिर से पहले जैसा सामान्य हो सकेगा. फिलहाल यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और कई लोग यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर इस रहस्य के पीछे असली वजह क्या है.


