EPFO की नई सुविधा, WhatsApp पर ‘Hello’ लिखते ही मिल जाएगी PF की पूरी डिटेल

अब आपको अपने पीएफ खाते का बैलेंस जानने, क्लेम का स्टेटस ट्रैक करने या पिछले ट्रांजैक्शन देखने के लिए बार-बार सरकारी वेबसाइट या भारी-भरकम ऐप्स को खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही एक बहुत बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है. अब आपको अपने पीएफ खाते का बैलेंस जानने, क्लेम का स्टेटस ट्रैक करने या पिछले ट्रांजैक्शन देखने के लिए बार-बार सरकारी वेबसाइट या भारी-भरकम ऐप्स को खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

केवल एक 'Hello' से पीएफ खाते की पूरी कुंडली

खबरों के मुताबिक, EPFO अब बेहद लोकप्रिय चैटिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप पर एक नई और बेहद आसान सेवा शुरू करने की तैयारी में है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद यूजर्स को केवल एक 'Hello' मैसेज भेजना होगा और उनके पीएफ खाते की पूरी कुंडली सामने आ जाएगी.

गेम-चेंजर साबित हो सकता है

आज के डिजिटल दौर में लगभग हर स्मार्टफोन यूजर दिनभर व्हाट्सएप का इस्तेमाल करता है. इसे ध्यान में रखते हुए सरकार का यह कदम गेम-चेंजर साबित हो सकता है. फिलहाल, नौकरीपेशा लोगों को अपने पीएफ से जुड़ी कोई भी जानकारी चाहिए होती है, तो उन्हें यूएएन (UAN) पोर्टल, उमंग ऐप या ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना पड़ता है. कई बार पासवर्ड भूलने या सर्वर डाउन होने की वजह से लोग परेशान हो जाते हैं, लेकिन व्हाट्सऐप सेवा के आने से यह पूरा प्रोसेस कुछ ही सेकेंड्स में पूरा हो जाएगा.

सिर्फ एक 'Hello' और काम खत्म

ईपीएफओ एक ऑटोमेटेड चैटबॉट सिस्टम तैयार कर रहा है. इसके तहत यूजर्स को EPFO के ऑफिशियल व्हाट्सएप नंबर पर केवल 'Hello' लिखकर सेंड करना होगा. इसके जवाब में सिस्टम आपको स्क्रीन पर कुछ विकल्प दिखाएगा, जैसे- बैलेंस चेक, क्लेम स्टेटस या ट्रांजैक्शन हिस्ट्री. यह बिल्कुल उसी तरह काम करेगा, जैसे आजकल बड़े सरकारी और प्राइवेट बैंक व्हाट्सएप पर अपने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं दे रहे हैं.

चेक कर सकेंगे आखिरी 5 ट्रांजैक्शन

इस नई व्हाट्सऐप सुविधा की मदद से पीएफ खाताधारक न सिर्फ अपना मौजूदा बैलेंस देख पाएंगे, बल्कि अपने खाते के आखिरी 5 ट्रांजैक्शंस की हिस्ट्री भी निकाल सकेंगे. इससे कर्मचारियों को तुरंत पता चल जाएगा कि कंपनी ने उनके खाते में पैसा कब और कितना जमा किया है, या फिर किसी तरह की निकासी हुई है या नहीं. हालांकि, ईपीएफओ अभी भी मिस्ड कॉल और एसएमएस (SMS) के जरिए बैलेंस जानने की सुविधा देता है, लेकिन व्हाट्सएप का इंटरफेस इन सब से काफी एडवांस और यूजर-फ्रेंडली होगा.

क्लेम स्टेटस ट्रैक करना होगा बेहद आसान

नौकरी बदलने या इमरजेंसी के वक्त जब लोग पीएफ का पैसा निकालने के लिए अप्लाई करते हैं, तो सबसे बड़ी चिंता क्लेम के पास होने की रहती है. लोग बार-बार पोर्टल खोलकर चेक करते हैं कि पैसा कब आएगा. नई व्हाट्सएप सेवा इस झंझट को पूरी तरह खत्म कर देगी. खाताधारक चैट बॉक्स में ही सीधे अपना क्लेम स्टेटस ट्रैक कर सकेंगे कि उनका क्लेम अभी प्रोसेस में है, अप्रूव हो गया है या फिर पैसा बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया गया है.

डिजिटल सेवाएं हो रही अपग्रेड

सरकार असल में 'EPFO 3.0' प्रोजेक्ट के तहत अपनी तमाम डिजिटल सेवाओं को अपग्रेड कर रही है, ताकि आम जनता को दफ्तरों या कठिन तकनीकी प्रक्रियाओं के चक्कर न काटने पड़ें. आने वाले समय में व्हाट्सएप के जरिए पीएफ से जुड़ी कई अन्य सुविधाएं भी मिलने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो