नई दिल्ली: गूगल अपने यूजर्स के लिए Gmail, Google Keep और Google Docs में नए AI फीचर्स लाने की तैयारी कर रहा है. इन फीचर्स की मदद से यूजर्स सिर्फ अपनी आवाज का इस्तेमाल करके कई काम आसानी से कर सकेंगे. कंपनी ने इन सुविधाओं की झलक पहले Google I/O 2026 डेवलपर कॉन्फ्रेंस में दिखाई थी. अब इनकी टेस्टिंग शुरू हो चुकी है और जल्द ही इन्हें चुनिंदा यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.
नए AI फीचर्स के आने के बाद यूजर्स को हर छोटी-बड़ी बात टाइप करने की जरूरत नहीं होगी. Google Keep में वॉयस कमांड के जरिए नए नोट्स बनाए जा सकेंगे, पुराने नोट्स में बदलाव किया जा सकेगा और रिमाइंडर भी सेट किए जा सकेंगे. AI यूजर की बातों को समझकर उन्हें अपने आप व्यवस्थित नोट्स और लिस्ट में बदल देगा.
जानकारी के मुताबिक Gmail में भी वॉयस आधारित इंटरफेस जोड़ा जा रहा है. इसकी मदद से यूजर अपने इनबॉक्स में मौजूद ईमेल से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और जरूरी जानकारी आसानी से खोज पाएंगे. इससे ईमेल मैनेज करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.
Google Docs में भी AI आधारित बातचीत वाला फीचर मिलेगा. यूजर अपनी आवाज से डॉक्यूमेंट का पहला ड्राफ्ट तैयार कर सकेंगे, नए आइडिया पर चर्चा कर सकेंगे और दस्तावेज को बेहतर बनाने के सुझाव भी हासिल कर सकेंगे. जरूरत पड़ने पर AI, यूजर की अनुमति से Gmail, Drive, Chat और वेब से जानकारी लेकर भी मदद करेगा.
रिपोर्ट्स के अनुसार, इन नए फीचर्स की टेस्टिंग फिलहाल अमेरिका में की जा रही है. कंपनी ने अभी लॉन्च की सटीक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन पुष्टि की है कि इस गर्मी के दौरान इन्हें Google AI Pro, Google AI Ultra और योग्य Workspace यूजर्स के लिए Android और iOS पर जारी किया जाएगा. माना जा रहा है कि Pixel 11 सीरीज के लॉन्च के आसपास ये फीचर्स बड़े स्तर पर उपलब्ध हो सकते हैं. First Updated : Wednesday, 01 July 2026