हजारों यूजर्स के डीएम फीचर हुए ठप... इंस्टाग्राम आउटेज के बीच अजीब दावा, क्या ईरान से जुड़ी है गड़बड़ी?
मंगलवार को इंस्टाग्राम में तकनीकी समस्या आने से हजारों यूजर्स परेशान हो गए. खासकर डायरेक्ट मैसेज फीचर काम नहीं कर रहा था. डाउनडिटेक्टर पर 4,700 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया.

दुनियाभर में करोड़ों लोगों द्वारा इस्तमाल किए जाने वाला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मंगलवार को अचानक परेशानी का कारण बन गया. कई उपयोगकर्ताओं ने शिकायत की कि उनका इंस्टाग्राम सही तरह से काम नहीं कर रहा है, खासकर डायरेक्ट मैसेज यानी डीएम फीचर में समस्या आ रही है. कुछ समय के लिए लोगों के लिए अपने दोस्तों और परिचितों से निजी संदेश के जरिए बातचीत करना मुश्किल हो गया. इस समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी.
ऑनलाइन सेवाओं में आने वाली दिक्कतों को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक 4,700 से अधिक लोगों ने इंस्टाग्राम से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतर उपयोगकर्ताओं को मैसेजिंग फीचर में समस्या आ रही थी. कुछ लोगों ने बताया कि वे किसी को संदेश भेज नहीं पा रहे थे, जबकि कुछ के मैसेज भेजने के बाद भी दिखाई नहीं दे रहे थे. कई यूजर्स ने यह भी कहा कि पहले भेजे गए संदेश लोड नहीं हो रहे थे.
ऐप और सर्वर से जुड़ी भी आई परेशानी
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों से यह भी पता चला कि कई लोगों को ऐप इस्तेमाल करते समय भी दिक्कत हुई. कुछ यूजर्स को पोस्ट करने या सामग्री प्रकाशित करने में समस्या का सामना करना पड़ा. वहीं कुछ लोगों ने सर्वर कनेक्शन से जुड़ी शिकायत भी की. साइट के आउटेज मैप के अनुसार अमेरिका के कई बड़े शहरों में इस समस्या का असर देखा गया. इनमें लॉस एंजिल्स, फीनिक्स, शिकागो, वाशिंगटन और न्यूयॉर्क जैसे शहर शामिल हैं.
इंस्टाग्राम का मैसेजिंग फीचर क्यों है अहम
इंस्टाग्राम मुख्य रूप से फोटो और वीडियो साझा करने का मंच है, जहां लोग पोस्ट को लाइक करते हैं, उस पर टिप्पणी करते हैं और उन्हें दूसरों के साथ साझा करते हैं. लेकिन समय के साथ इसका डायरेक्ट मैसेज फीचर भी काफी लोकप्रिय हो गया है. आज बड़ी संख्या में लोग इंस्टाग्राम के जरिए निजी बातचीत भी करते हैं. इसलिए जब डीएम फीचर में समस्या आई तो कई यूजर्स परेशान हो गए और उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत शुरू कर दी.
सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
इंस्टाग्राम में आई इस समस्या के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर मजेदार और नाराजगी भरी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा, “इंस्टाग्राम डाउन है, मैं फिर से कह रहा हूं कि इंस्टाग्राम डाउन है.” एक अन्य यूजर ने सवाल किया, “क्या इंस्टाग्राम के डीएम काम नहीं कर रहे हैं या सिर्फ मेरे साथ ही ऐसा हो रहा है?”
कई लोगों ने यह भी बताया कि उनकी बातचीत अचानक बीच में ही रुक गई. एक यूजर ने लिखा कि तीन अलग-अलग चैट के बीच में ही ऐप बंद हो गया. वहीं एक व्यक्ति ने मजाक में कहा कि जब उसका दोस्त उससे मुश्किल सवाल पूछने लगा तो उसी समय इंस्टाग्राम बंद हो गया, जिससे उसे बातचीत से बचने का मौका मिल गया.
ईरान से जोड़ने के दावे पर सवाल
इस बीच इंटरनेट पर कुछ लोगों ने इंस्टाग्राम की इस समस्या को अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव से जोड़ने की कोशिश की. कुछ पोस्ट में यह दावा किया गया कि ईरान ने दुश्मन देशों के तकनीकी ढांचे को निशाना बनाया है. हालांकि, इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इंस्टाग्राम में आई इस समस्या की असली वजह क्या थी.
कंपनी की ओर से नहीं आया बयान
इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा या प्लेटफॉर्म के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इस बीच कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कंपनी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने की कोशिश की. कुछ लोगों ने लिखा कि उनका इंटरनेट सही तरीके से काम कर रहा है, लेकिन इंस्टाग्राम पर “पहले के संदेश लोड करने में विफल” जैसी समस्या दिखाई दे रही है.


