नई दिल्ली: Apple के नए iPhone का इंतजार हर साल दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स करते हैं और इस बार भी कंपनी सितंबर में बड़ा टेक इवेंट आयोजित करने की तैयारी में है. हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी नए डिवाइस की घोषणा नहीं की है, लेकिन लगातार सामने आ रही लीक रिपोर्ट्स और डमी मॉडल्स ने आने वाली iPhone 18 Pro सीरीज और Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है. माना जा रहा है कि इस बार कंपनी सिर्फ नया iPhone ही नहीं, बल्कि अपने पहले फोल्डिंग फोन के साथ स्मार्टफोन बाजार में एक नया अध्याय शुरू कर सकती है.
पिछले कुछ वर्षों से Apple सितंबर के दूसरे सप्ताह में अपनी नई iPhone सीरीज लॉन्च करता आ रहा है. इसी परंपरा को जारी रखते हुए इस साल भी कंपनी सितंबर में iPhone 18 Pro सीरीज और Apple Ultra Fold को पेश कर सकती है. हालांकि लॉन्च की तारीख और फीचर्स को लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन कई विश्वसनीय लीक रिपोर्ट्स में इनके बारे में अहम दावे किए गए हैं.
हाल के दिनों में इंटरनेट पर कई डमी यूनिट, रेंडर इमेज और वीडियो सामने आए हैं. इनमें दावा किया गया है कि Apple Ultra Fold के डिजाइन और कुछ फीचर्स की झलक देखने को मिली है. इन्हीं जानकारियों के आधार पर माना जा रहा है कि कंपनी अपने पहले फोल्डेबल डिवाइस में प्रीमियम डिजाइन और एडवांस तकनीक का इस्तेमाल करेगी.
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple Ultra Fold में दो डिस्प्ले देखने को मिल सकते हैं. बाहरी स्क्रीन का आकार लगभग 5.49 इंच बताया जा रहा है, जबकि फोन खोलने पर अंदर 7.76 इंच की बड़ी डिस्प्ले मिलेगी. दोनों स्क्रीन LTPO OLED तकनीक पर आधारित हो सकती हैं, जिससे बेहतर कलर, स्मूद स्क्रॉलिंग और कम बैटरी खपत मिलने की उम्मीद है. फोटोग्राफी के लिए फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिए जाने की संभावना है. दोनों कैमरे 48-48 मेगापिक्सल के हो सकते हैं. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 18 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलने की बात कही जा रही है.
iPhone 18 Pro को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें Apple का अगली पीढ़ी का प्रोसेसर मिलेगा, जिसे 2nm प्रोसेस तकनीक पर तैयार किया जा सकता है. इससे फोन की स्पीड, बैटरी एफिशिएंसी और AI आधारित फीचर्स पहले से बेहतर हो सकते हैं. कैमरा सेक्शन में भी इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. दावा किया जा रहा है कि iPhone 18 Pro में वेरिएबल अपर्चर वाला मुख्य कैमरा दिया जाएगा, जिससे अलग-अलग रोशनी में बेहतर तस्वीरें ली जा सकेंगी. हालांकि डिजाइन में बहुत बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन अंदरूनी हार्डवेयर को पहले से ज्यादा शक्तिशाली बनाया जा सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार Apple अपने नए स्मार्टफोन की कीमत बढ़ा सकता है. इसके पीछे महंगे चिपसेट, उन्नत तकनीक और बढ़ती उत्पादन लागत को वजह माना जा रहा है. अनुमान है कि iPhone 18 Pro की कीमत पिछले मॉडल की तुलना में करीब 20 हजार रुपये तक अधिक हो सकती है. हालांकि वास्तविक कीमत का खुलासा कंपनी की आधिकारिक लॉन्चिंग के दौरान ही होगा. First Updated : Sunday, 12 July 2026