नई दिल्ली: अगर आप ट्रेन में सफर करते समय अपने मोबाइल का इस्तेमाल टिकट का झंझट खत्म करने के लिए करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. अक्सर लोग टिकट बुक करने के बाद उसका स्क्रीनशॉट ले लेते हैं या परिवार के किसी सदस्य द्वारा वॉट्सअप पर भेजे गए टिकट की फोटो दिखाकर सफर करने लगते हैं. लेकिन भारतीय रेलवे ने अब डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए नियमों में बड़ी सख्ती कर दी है.
वॉट्सअप टिकट नहीं होगा मान्य
रेलवे के नए आदेश के मुताबिक, 'रेल वन ऐप' से बुक किए गए अनारक्षित डिजिटल टिकट का सिर्फ वॉट्सअप मैसेज, स्क्रीनशॉट, फोटो या पीडीएफ दिखाना अब मान्य नहीं होगा. अगर चेकिंग के दौरान आपने ऐसा किया, तो आपको बिना टिकट माना जाएगा और आप पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है.
रेलवे ने यह सख्त फैसला क्यों लिया?
रेलवे के सामने लगातार ऐसे मामले आ रहे थे जहां लोग डिजिटल टिकटों का गलत फायदा उठा रहे थे. हाल ही में सामने आई एक घटना ने रेलवे प्रशासन को अलर्ट कर दिया. एक महिला यात्री ने ट्रेन में चेकिंग के दौरान अपने भाई द्वारा वॉट्सअप पर भेजा गया टिकट दिखाया. जब टीटीई ने इसकी गहराई से जांच की, तो पता चला कि वह टिकट उस मोबाइल में लाइव मौजूद नहीं था जिससे यात्रा की जा रही थी. इतना ही नहीं, चालाकी पकड़ में तब आई जब यह साफ हुआ कि टिकट ट्रेन के स्टेशन से छूटने के बाद बुक किया गया था. इस धोखाधड़ी के बाद रेलवे ने तुरंत जुर्माना लगाया और नियमों को दोबारा स्पष्ट करते हुए सख्ती बढ़ा दी.
फर्जीवाड़ा करने की कोशिश
कई लोग एक ही टिकट का स्क्रीनशॉट अलग-अलग मोबाइल में शेयर करके फर्जीवाड़ा करने की कोशिश करते थे, जिससे असली और नकली टिकट की पहचान करना मुश्किल हो जाता था. इसी वजह से रेलवे ने अब केवल 'ओरिजिनल लाइव डिजिटल टिकट' को ही अनिवार्य कर दिया है.
नए नियम क्या हैं?
बोर्डिंग स्टेशन से पहले बुक करें टिकट
डिजिटल अनारक्षित टिकट आपके बोर्डिंग स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने से पहले ही बुक हो जाना चाहिए. अगर ट्रेन स्टेशन से निकल चुकी है और उसके बाद आपने ऐप से टिकट बुक किया है, तो ऐप में दिखने के बावजूद उसे अमान्य माना जाएगा. लाइव डिजिटल टिकट के साथ आपके पास एक सरकारी मूल फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है.
सफर आसान बनेगा
डिजिटल युग ने सफर को आसान जरूर बनाया है, लेकिन आपकी एक छोटी सी लापरवाही यात्रा का मजा किरकिरा कर सकती है. रेलवे ने सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने फोन को पर्याप्त चार्ज रखें ताकि चेकिंग के वक्त फोन बंद न मिले. भले ही आपके पास इंटरनेट न हो, लेकिन ऐप में 'शो टिकट' के विकल्प में जाकर टिकट पहले से लोड होना चाहिए. First Updated : Saturday, 11 July 2026